संविधान भारतीय लोकतंत्र की अनमोल धरोहर, इसकी रक्षा और पालन करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य : कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में संविधान दिवस पर कुलपति ने दी शुभकामनाएं, बाबा साहेब और संविधान सभा की महान विभूतियों को किया नमन
कानपुर नगर। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कानपुर में संविधान दिवस के अवसर पर कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता ने विश्वविद्यालय के अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों, वैज्ञानिकों एवं छात्र-छात्राओं को संविधान दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भारतीय संविधान को देश के लोकतंत्र की अनमोल धरोहर बताते हुए सभी से इसके मूल्यों और आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की।

कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता ने कहा कि संविधान दिवस के इस पावन अवसर पर पूज्य बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर और संविधान सभा की समस्त महान विभूतियों को नमन एवं वंदन है। उनके द्वारा देश को संविधान के रूप में दी गई अमूल्य सौगात भारतीय लोकतंत्र की अनमोल धरोहर है। यही संविधान देश को विकास, समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों के मार्ग पर आगे बढ़ने की दिशा प्रदान करता है तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन कर रहा है।
उन्होंने कहा कि भारत का संविधान एक पवित्र ग्रंथ के समान है, जिसका सम्मान और पालन करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। जब देश का प्रत्येक नागरिक संविधान में निहित नियमों, अधिकारों और कर्तव्यों का पालन करेगा, तभी हमारा लोकतंत्र और अधिक मजबूत होगा। उन्होंने सभी से अपील की कि वे भारतीय संविधान को पढ़ें, उसके महत्व को समझें, उसकी रक्षा करें और अपने व्यवहार एवं कार्यों में उसके आदर्शों को अपनाएं।
डॉ. गुप्ता ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के नेतृत्व में संविधान सभा ने विभिन्न देशों के संविधानों का गहन अध्ययन करने के बाद भारत की परिस्थितियों और आवश्यकताओं के अनुरूप एक महत्वपूर्ण संविधान तैयार किया। हमारा संविधान देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक व्यवस्था का मजबूत आधार है।

उन्होंने कहा कि संविधान के प्रति सम्मान केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि प्रत्येक नागरिक को अपने दैनिक जीवन में भी इसके मूल्यों का पालन करना चाहिए। बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम संविधान को पढ़ें, समझें, उसकी रक्षा करें और उसके आदर्शों के अनुरूप अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।


