कानपुर में तेंदुए की तलाश में कॉम्बिंग अभियान तेज, 200 मीटर दूर मिले ताजे पगचिह्न

मंगलवार को 9 ग्रामीणों को किया था घायल, ट्रैंकुलाइजर गन लेकर खेतों में उतरी वन विभाग और चिड़ियाघर की टीम; विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने घायलों का जाना हाल

कानपुर। महाराजपुर क्षेत्र के करनखेड़ा गांव में बुधवार सुबह तेंदुए की तलाश के लिए वन विभाग ने कॉम्बिंग अभियान शुरू किया। मंगलवार को तेंदुए ने किसानों और ग्रामीणों पर हमला कर नौ लोगों को घायल कर दिया था। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। वन विभाग, चिड़ियाघर के डॉक्टरों और ग्रामीणों की मदद से खेतों में तेंदुए की तलाश की जा रही है। घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर खेतों में तेंदुए के ताजे पगचिह्न मिलने से टीम को उसकी मौजूदगी के संकेत मिले हैं।

रेस्क्यू अभियान के दौरान वन विभाग की टीम ट्रैंकुलाइजर गन लेकर खेतों में कॉम्बिंग कर रही है। तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए पिंजरा भी तैयार रखा गया है। टीम पगचिह्नों के आधार पर उसकी लोकेशन और मूवमेंट का पता लगाने में जुटी है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और अकेले खेतों में नहीं जाने की अपील की है। साथ ही बाहरी लोगों को घटनास्थल से दूर रहने के निर्देश दिए गए हैं।

200 मीटर दूर खेतों में मिले तेंदुए के ताजे पगचिह्न

चिड़ियाघर के डॉक्टर नीतीश कटियार और डिप्टी रेंजर विजय कुमार ने बताया कि जिस स्थान पर तेंदुए ने ग्रामीणों पर हमला किया था, उससे करीब 200 मीटर दूर खेतों में उसके ताजे पगचिह्न मिले हैं। ओस के कारण खेतों की मिट्टी गीली है, जिससे पैरों के निशानों की पहचान करने और उनका मिलान करने में आसानी हो रही है। रेस्क्यू टीम के साथ डिप्टी रेंजर विजय कुमार ट्रैंकुलाइजर गन लेकर तेंदुए की तलाश कर रहे हैं। वन विभाग की टीम लगातार पगचिह्नों के आधार पर उसकी गतिविधियों का पता लगा रही है।

शोर होने पर आक्रामक हो सकता है तेंदुआ

डीएफओ आकांक्षा जैन ने बताया कि चिड़ियाघर के डॉक्टरों की टीम मौके पर मौजूद है। तेंदुआ बेहद फुर्तीला होता है और एक जगह पर नहीं रुकता। शोर होने पर उसके आक्रामक होने की आशंका रहती है। इसी वजह से बाहरी लोगों को घटनास्थल से हटाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वन विभाग की टीम लगातार कॉम्बिंग कर रही है। तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए पिंजरा तैयार रखा गया है। जरूरत पड़ने पर उसे ट्रैंकुलाइज कर रेस्क्यू किया जाएगा।

अभियान में सदर रेंज के करीब 10 से 12 वनकर्मियों को लगाया गया है। जिला प्रशासन और पुलिस के साथ भी समन्वय किया गया है, ताकि इलाके में कानून-व्यवस्था बनी रहे और किसी तरह की अफरातफरी न हो।

विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने घायलों का जाना हाल

विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना भी घायलों का हालचाल जानने करनखेड़ा गांव पहुंचे। उन्होंने वन विभाग की टीम को तेंदुए का जल्द से जल्द सुरक्षित रेस्क्यू करने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों के बीच बना डर दूर किया जा सके। फिलहाल वन विभाग और चिड़ियाघर की टीम खेतों में तेंदुए की तलाश में जुटी है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अकेले खेतों में न जाएं और तेंदुआ दिखाई देने पर उसके पास जाने या उसे घेरने की कोशिश न करें।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *