डंपर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत,  दोस्त जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा

साढ़ में दर्दनाक हादसे के बाद मची चीख-पुकार, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

कानपुर नगर। साढ़ थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार दो युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की खबर मिलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।

जानकारी के मुताबिक गोविंदनगर की कच्ची बस्ती निवासी अरुण दिवाकर (21) अपने दोस्त करन दिवाकर (22), निवासी पतरसा गांव, पनकी के साथ बाइक से जा रहे थे। बेहटा गंभीरपुर गांव के पास बंबा के नजदीक उनकी बाइक आगे चल रहे ई-रिक्शा को पार करने लगी। इसी दौरान घाटमपुर की तरफ से आ रहे डंपर से बाइक की सीधी भिड़ंत हो गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अरुण गंभीर रूप से चोटिल होकर सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं करन लहूलुहान हालत में पड़ा रहा। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची साढ़ पुलिस घायल को भीतरगांव सीएचसी ले गई। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए कानपुर जिला अस्पताल भेज दिया।

उधर, अरुण की मौत की खबर घर पहुंचते ही परिजनों में मातम छा गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।

साढ़ थाना प्रभारी कृष्ण कुमार मिश्रा के अनुसार घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस को तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *