घाटमपुर में देव दीपावली पर दीपों से जगमगाया बाबा बैजनाथ धाम मंदिर

कानपुर/ घाटमपुर। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मंगलवार शाम घाटमपुर क्षेत्र में देव दीपावली का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। पतारा कस्बा स्थित प्राचीन बाबा बैजनाथ धाम मंदिर में श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्ज्वलित कर भगवान भोलेनाथ की आराधना की। दीपों की रोशनी से मंदिर परिसर जगमगा उठा। इस दौरान हर-हर महादेव के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा।


पतारा स्थित बाबा बैजनाथ धाम मंदिर में देव दीपावली पर सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। शाम होते ही भक्त अपने घरों से दीप लेकर मंदिर पहुंचे और परिसर में दीपदान किया। इसके बाद भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में दीपों की कतारें आकर्षण का केंद्र रहीं। श्रद्धालुओं ने पूरे भक्तिभाव और उत्साह के साथ पर्व मनाया।
वहीं, घाटमपुर तहसील क्षेत्र के ग्रामीण और शहरी इलाकों में भी देव दीपावली की रौनक देखने को मिली। लोगों ने अपने घरों, छतों और दरवाजों पर दीप जलाकर पर्व मनाया। शाम ढलते ही घरों में दीपों की कतारें सज गईं। कई स्थानों पर लोगों ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर भगवान शिव का स्मरण किया। कार्तिक पूर्णिमा पर दीपदान की परंपरा के चलते पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल रहा। मंदिरों से लेकर घरों तक दीपों की रोशनी ने देव दीपावली की छटा बिखेर दी।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *