चार दिन में 1.04 लाख लोगों ने खाई फाइलेरिया से बचाव की दवा, एमडीए अभियान को मिल रहा जनसमर्थन

बिल्हौर में सबसे अधिक 41,260 लोगों ने किया दवा का सेवन, स्वास्थ्यकर्मियों ने 14,717 इनकार करने वालों को भी समझाकर खिलाई दवा

कानपुर नगर। जनपद में फाइलेरिया उन्मूलन को लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से चलाए जा रहे सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) अभियान में तेजी देखने को मिल रही है। अभियान के शुरुआती चार कार्यदिवसों में ककवन, बिल्हौर, चौबेपुर और बिधनू विकासखंडों में कुल 1,04,351 लोगों ने फाइलेरिया से बचाव की दवा का सेवन किया है। खास बात यह है कि स्वास्थ्य विभाग और सहयोगी संस्थाओं के प्रयासों से दवा खाने से इनकार करने वाले लोगों को भी जागरूक कर अभियान से जोड़ा जा रहा है।

अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. राजेश्वर सिंह ने बताया कि चारों विकासखंडों में बिल्हौर सबसे आगे रहा, जहां 41,260 लोगों ने दवा खाई। इसके अलावा बिधनू में 29,366, चौबेपुर में 24,137 और ककवन में 9,588 लोगों ने दवा का सेवन किया। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि स्वास्थ्यकर्मियों के सामने ही दवा का सेवन करें और फाइलेरिया मुक्त समाज बनाने में सहयोग दें।

जिला मलेरिया अधिकारी ए.के. सिंह के मुताबिक चारों विकासखंडों की कुल आबादी लगभग 6.77 लाख है। इसके सापेक्ष अब तक करीब 15 प्रतिशत लोगों को दवा खिलाई जा चुकी है। अभियान के दौरान 24,774 लोगों ने शुरुआत में दवा खाने से इनकार किया था, लेकिन स्वास्थ्यकर्मियों और सहयोगी संस्थाओं के समझाने पर इनमें से 14,717 लोग दवा सेवन के लिए तैयार हो गए। शेष लोगों को भी लगातार जागरूक किया जा रहा है।

अभियान में पेशेंट सपोर्ट ग्रुप (पीएसपी) के सदस्य भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। बिधनू विकासखंड के हाजीपुर गांव में दवा सेवन से इनकार करने वाले 85 लोगों में से 53 लोगों को समूह के सदस्यों ने बीमारी की गंभीरता और दवा के महत्व की जानकारी देकर दवा खिलाई। इस दौरान लोगों की भ्रांतियां दूर करने और उन्हें जागरूक करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि फाइलेरिया संक्रमित मच्छरों के काटने से फैलने वाली गंभीर बीमारी है। इसके कारण लंबे समय बाद हाथ-पैर में असामान्य सूजन हो सकती है और व्यक्ति स्थायी दिव्यांगता का शिकार भी हो सकता है। एमडीए अभियान के तहत दी जाने वाली दवा बीमारी के प्रसार को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

अधिकारियों ने पात्र नागरिकों से बिना किसी डर या भ्रम के स्वास्थ्यकर्मियों के सामने दवा का सेवन करने की अपील की है। साथ ही परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने का आह्वान किया है। अभियान में स्वास्थ्य विभाग के साथ विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ), प्रोजेक्ट कंसर्न इंटरनेशनल (पीसीआई), सेंटर फॉर एडवोकेसी एंड रिसर्च (सीफॉर), सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी और पेशेंट सपोर्ट ग्रुप के सदस्य सक्रिय सहयोग कर रहे हैं।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *