जाजमऊ में 10 फीट गहरे खुले मैनहोल में गिरा युवक, शादी समारोह में मची अफरातफरी

जाजमऊ में 10 फीट गहरे खुले मैनहोल में गिरा युवक, शादी समारोह में मची अफरातफरी

केडीए चौराहे पर हादसा, बच्चे की चीख सुनकर दौड़े स्थानीय लोग, बेहोशी की हालत में अस्पताल में कराया गया भर्ती

कानपुर। जाजमऊ के केडीए चौराहे पर सोमवार देर रात एक खुले मैनहोल ने सरकारी व्यवस्था की लापरवाही उजागर कर दी। रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होने आए 19 वर्षीय युवक की नजर अंधेरे में खुले चैंबर पर नहीं पड़ी और वह सीधे करीब 10 फीट गहरे मैनहोल में जा गिरा। युवक के गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। एक बच्चे की आवाज सुनकर आसपास के लोग तत्काल मदद के लिए दौड़े और काफी मशक्कत के बाद युवक को बाहर निकाला।

जानकारी के अनुसार, फतेहपुर के मेडापाटी निवासी तौफीक खान (19) जाजमऊ के केडीए चौराहे स्थित एक गेस्ट हाउस में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आया था। बताया जा रहा है कि वह फोन पर बात करते हुए किसी को चाबी देने के लिए गेस्ट हाउस से बाहर निकला था। इसी दौरान अंधेरे में सड़क पर खुला मैनहोल दिखाई नहीं दिया और वह उसमें गिर गया।

युवक के मैनहोल में गिरने की आवाज सुनकर वहां मौजूद एक बच्चे ने शोर मचाया। इसके बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और करीब 10 फीट गहरे चैंबर में बेहोश पड़े युवक को किसी तरह बाहर निकाला। आनन-फानन में उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है।

खुले मैनहोल से हादसों का खतरा

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में निर्माण कार्यों और खुले चैंबरों को लेकर संबंधित विभाग गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। खुले मैनहोल राहगीरों के लिए जानलेवा साबित हो सकते हैं। लोगों का कहना है कि समय रहते बच्चे ने शोर नहीं मचाया होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।

स्थानीय नागरिकों ने केडीए और संबंधित विभाग से क्षेत्र के सभी खुले मैनहोल तत्काल बंद कराने तथा निर्माण स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। सवाल यह है कि आखिर किसी बड़े हादसे के बाद ही जिम्मेदार विभाग की नींद क्यों टूटती है?

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *