रेलवे की समस्याओं का समाधान खोजेगा आईआईटी कानपुर, सीआरआईएस के साथ किया समझौता
ट्रेनों का परिचालन सुगम बनाने और संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल पर होगा संयुक्त शोध, डेटा एनालिटिक्स और आधुनिक गणितीय मॉडल से विकसित होंगे तकनीकी समाधान
कानपुर। ट्रेनों का परिचालन अधिक सुगम बनाने, रेलवे के संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करने और परिचालन से जुड़ी जटिल समस्याओं का तकनीकी समाधान खोजने में अब आईआईटी कानपुर भी सहयोग करेगा। इसके लिए संस्थान ने सेंटर फॉर रेलवे इंफॉर्मेशन सिस्टम्स (सीआरआईएस) के साथ समझौता किया है। इस साझेदारी के तहत दोनों संस्थान ऑप्टिमाइजेशन, ऑपरेशंस रिसर्च और डेटा एनालिटिक्स के क्षेत्र में संयुक्त रूप से शोध और तकनीकी विकास करेंगे। इससे रेलवे के परिचालन और प्रबंधन को अधिक प्रभावी, व्यवस्थित और तकनीक आधारित बनाने में मदद मिलेगी।
आईआईटी कानपुर में आयोजित कार्यक्रम में संस्थान की डीन रिसर्च एंड डेवलपमेंट प्रो. जयंधरन जी. राव और सीआरआईएस के प्रबंध निदेशक जीवीएल सत्य कुमार ने समझौते पर हस्ताक्षर किए। इस साझेदारी का समन्वय आईआईटी के मैनेजमेंट साइंसेज विभाग के प्रो. फैज हमीद करेंगे।
समझौते के तहत दोनों संस्थानों की विशेषज्ञ टीमें रेलवे की वास्तविक जरूरतों और परिचालन संबंधी चुनौतियों का अध्ययन करेंगी। इस प्रक्रिया में स्टार्टअप्स को भी जोड़ा जाएगा। आधुनिक गणितीय मॉडल, डेटा विश्लेषण और निर्णय लेने की उन्नत तकनीकों के माध्यम से ऐसे समाधान विकसित किए जाएंगे, जिन्हें रेलवे की मौजूदा व्यवस्था में लागू किया जा सके। इसमें आईआईटी की शैक्षणिक और अनुसंधान विशेषज्ञता के साथ सीआरआईएस के रेलवे क्षेत्र के व्यावहारिक अनुभव का उपयोग किया जाएगा।
प्रो. जयंधरन जी. राव ने बताया कि इस साझेदारी में ऑप्टिमाइजेशन और ऑपरेशंस रिसर्च की अहम भूमिका होगी। इनके माध्यम से रेलवे की जटिल प्रक्रियाओं का गणितीय और वैज्ञानिक विश्लेषण कर उन्हें अधिक प्रभावी बनाने के विकल्प तलाशे जाएंगे।
वहीं, डेटा एनालिटिक्स की मदद से रेलवे के बड़े आंकड़ों का अध्ययन कर उपयोगी निष्कर्ष निकाले जा सकेंगे। इससे परिचालन संबंधी निर्णय अधिक सटीक बनाने, उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने और रेलवे की कार्यप्रणाली में सुधार लाने में मदद मिलेगी।


