तीसरी मंजिल से गिरकर 29 वर्षीय युवक की मौत, पत्नी को पानी लेने भेजा और कुछ ही पल में हो गया हादसा
कानपुर। पनकी थाना क्षेत्र के महावीर नगर स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना के अपार्टमेंट में बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में 29 वर्षीय युवक की जान चली गई। तीसरी मंजिल से संदिग्ध परिस्थितियों में नीचे गिरने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार महावीर नगर निवासी शिवम गुप्ता अपनी पत्नी पल्लवी और तीन वर्षीय बेटे के साथ अपार्टमेंट की तीसरी मंजिल पर रहते थे। वह निजी काम करते थे। बुधवार रात शिवम अपनी पत्नी के साथ फ्लैट के छज्जे पर बैठे हुए थे। इसी दौरान उन्होंने पत्नी से पानी लाने के लिए कहा। पल्लवी पानी लेने के लिए अंदर गईं, तभी अचानक तेज आवाज सुनाई दी।
आवाज सुनकर पत्नी घबराकर बाहर पहुंचीं तो शिवम सीढ़ियों के नीचे गंभीर हालत में पड़े मिले। यह दृश्य देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। एसीपी पनकी अमित चौरसिया ने बताया कि युवक की ऊंचाई से गिरने के कारण मौत हुई है। मामले की जांच की जा रही है। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा है। पत्नी और मासूम बेटे का रो-रोकर बुरा हाल है।


