बेकाबू स्कॉर्पियो ने कई लोगों को रौंदा, दो की मौत, सात घायल

बेकाबू स्कॉर्पियो ने कई लोगों को रौंदा, दो की मौत, सात घायल

जौनपुर-आजमगढ़ हाईवे पर मुस्तफाबाद में हुआ दर्दनाक हादसा, पंचायत के दौरान वाहन बिजली के खंभे से टकराकर पलटा, साजिश और दुर्घटना दोनों पहलुओं पर जांच

जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में बुधवार को जमीन विवाद के बीच हुए भीषण हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। जौनपुर-आजमगढ़ हाईवे स्थित मुस्तफाबाद में एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने कई लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी उमेश मिश्रा भी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गांव निवासी मनोज यादव और उनके सगे भाई महेंद्र यादव के बीच पिछले तीन दिनों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। बुधवार को भी दोनों पक्षों के बीच जमीन के बंटवारे को लेकर कहासुनी हो रही थी। इसी दौरान गांव के कई लोग मौके पर जुट गए और पंचायत के माध्यम से विवाद सुलझाने का प्रयास किया जा रहा था। बताया जा रहा है कि इसी बीच महेंद्र का बेटा हाईवे की तरफ से स्कॉर्पियो लेकर आया। वाहन अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गया और इसके बाद पलट गया। वाहन की चपेट में आने से वहां मौजूद कई लोग घायल हो गए। हादसे में अमित यादव (20) और इंदू देवी (40) की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि घटना महज दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई साजिश थी। जमीन विवाद और पंचायत के दौरान हुए इस हादसे के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *