पर्यवेक्षक के जाते ही खुल गए कॉपियों के बंडल, दोबारा लिखवाए जा रहे थे उत्तर; परीक्षा केंद्र डिबार
सीएसजेएमयू की विषम सेमेस्टर परीक्षा में सामूहिक नकल पकड़ी गई, तीनों पालियों की परीक्षाएं निरस्त; बाहरी लोग भी करा रहे थे पेपर हल
कानपुर। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) की विषम सेमेस्टर परीक्षाओं में सामूहिक नकल और गंभीर अनियमितता का मामला सामने आया है। उन्नाव के बांगरमऊ स्थित आरएस गर्ल्स डिग्री कॉलेज में पर्यवेक्षक के केंद्र से बाहर निकलते ही उत्तर पुस्तिकाओं के बंडल खोल दिए गए। परीक्षार्थियों को दोबारा कॉपियां थमाकर निर्धारित समय समाप्त होने के बाद भी उत्तर लिखवाए जा रहे थे। इतना ही नहीं, बाहरी लोग भी परीक्षार्थियों को प्रश्नपत्र हल कराने में मदद कर रहे थे। सूचना मिलने पर पर्यवेक्षक दोबारा केंद्र पहुंचे तो तीनों पालियों की उत्तर पुस्तिकाओं के पैकेट खुले मिले। मामले की गंभीरता को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने सोमवार को हुई तीनों पालियों की परीक्षाएं निरस्त कर दीं। साथ ही कॉलेज को परीक्षा केंद्र की सूची से हटाते हुए डिबार कर दिया।
विश्वविद्यालय में 14 नवंबर से विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं चल रही हैं। इसके तहत बांगरमऊ स्थित आरएस गर्ल्स डिग्री कॉलेज (यूएन-77) को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। सोमवार को यहां तीन पालियों में परीक्षा कराई गई। तीसरी पाली की परीक्षा समाप्त होने के बाद पर्यवेक्षक केंद्र से बाहर निकल गए। कुछ दूर पहुंचते ही उन्हें सूचना मिली कि केंद्र पर उत्तर पुस्तिकाओं के बंडल खोलकर परीक्षार्थियों से दोबारा उत्तर लिखवाए जा रहे हैं।
इस पर पर्यवेक्षक तत्काल केंद्र लौटे तो वहां का नजारा देखकर हैरान रह गए। तीनों पालियों की उत्तर पुस्तिकाओं के पैकेट खुले पड़े थे और छात्राएं उनमें बैठकर उत्तर लिख रही थीं। बाहरी लोगों की मदद से प्रश्नपत्र हल कराए जाने की भी जानकारी सामने आई। पर्यवेक्षक ने तत्काल विश्वविद्यालय प्रशासन को पूरे मामले से अवगत कराया। इसके बाद विश्वविद्यालय ने कार्रवाई करते हुए तीनों पालियों की परीक्षाएं निरस्त कर दीं।
तीन महाविद्यालयों के विद्यार्थियों का था केंद्र
आरएस गर्ल्स डिग्री कॉलेज में तीन अन्य महाविद्यालयों के विद्यार्थियों का परीक्षा केंद्र बनाया गया था। इनमें अयोध्या प्रसाद मिश्रा महाविद्यालय फतेहपुर चौरासी (यूएन-35), मां शांति देवी महाविद्यालय (यूएन-44) और अब्दुल गफ्फार महाविद्यालय (यूएन-72) शामिल हैं। अनियमितता सामने आने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने संबंधित उत्तर पुस्तिकाओं को अनुचित साधन प्रयोग (यूएफएम) की श्रेणी में रखा है।
कॉलेज को परीक्षा केंद्रों की सूची से हटाकर डिबार कर दिया गया है। यहां परीक्षा देने वाले अन्य महाविद्यालयों के विद्यार्थियों की शेष परीक्षाएं अब दूसरे केंद्रों पर कराई जाएंगी।
इन विषयों की परीक्षाएं हुईं निरस्त
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सोमवार को आयोजित तीनों पालियों की परीक्षाएं निरस्त की हैं। इनमें बीए प्रथम सेमेस्टर की अंग्रेजी, तृतीय सेमेस्टर की अंग्रेजी और पंचम सेमेस्टर की हिंदी की परीक्षा शामिल हैं।
इसके अलावा एमएससी प्रथम सेमेस्टर में जंतु विज्ञान और गणित, तृतीय सेमेस्टर में वनस्पति विज्ञान, रसायन विज्ञान और भौतिक विज्ञान की परीक्षाएं भी निरस्त की गई हैं।
वहीं, एमए प्रथम सेमेस्टर के समाजशास्त्र, गणित, शिक्षा शास्त्र, भूगोल, हिंदी और अंग्रेजी तथा तृतीय सेमेस्टर के हिंदी और समाजशास्त्र विषय की परीक्षाएं भी रद कर दी गई हैं।
गड़बड़ी मिलने पर होगी सख्त कार्रवाई
सीएसजेएमयू के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कहा कि यह बेहद गंभीर मामला है। विश्वविद्यालय की परीक्षाओं में किसी भी केंद्र पर गड़बड़ी या अनियमितता मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा की शुचिता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।


