चौरीचौरा हादसे के दो दिन बाद बदली गई 100 मीटर पटरी, 30 से अधिक ट्रेनें गुजरने के बाद जागा रेलवे

चौरीचौरा हादसे के दो दिन बाद बदली गई 100 मीटर पटरी, 30 से अधिक ट्रेनें गुजरने के बाद जागा रेलवे

शुरुआती जांच में ट्रैक को बताया सही, फिर मरम्मत के लिए क्यों किया गया रिजर्व; यात्रियों की सुरक्षा पर उठे सवाल

कानपुर। कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर चौरीचौरा एक्सप्रेस के चार एसी कोच पटरी से उतरने के मामले में रेलवे की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में है। हादसे के दो दिन बाद प्लेटफार्म नंबर सात की पटरी की मरम्मत शुरू कराई गई। इस दौरान करीब 100 मीटर लंबी पटरी बदलने के साथ नए स्लीपर भी लगाए गए। सवाल यह है कि जब ट्रैक को दुरुस्त करने और पटरी बदलने की जरूरत थी तो हादसे के तत्काल बाद यह काम क्यों नहीं कराया गया? हैरानी की बात यह है कि मरम्मत शुरू होने से पहले दो दिनों में 30 से अधिक ट्रेनें इसी ट्रैक से गुजर गईं। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर रेलवे की सतर्कता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

हादसे के बाद शुरुआती जांच में ट्रैक को बताया था सही

चौरीचौरा एक्सप्रेस के बी-4, बी-5, बी-6 और बी-7 कोच बुधवार शाम पटरी से उतर गए थे। हादसे के बाद रेलवे अधिकारियों ने शुरुआती जांच में ट्रैक में किसी तरह की तकनीकी खामी नहीं मिलने की बात कही थी। गुरुवार को भी सुपरवाइजरों की टीम ने मौके पर पहुंचकर ट्रैक का निरीक्षण किया और प्रथम दृष्टया पटरी को सही बताया था। इसके बावजूद शुक्रवार सुबह प्लेटफार्म नंबर सात के ट्रैक को रिजर्व कर मरम्मत का काम शुरू करा दिया गया।

करीब 100 मीटर पटरी बदलने के साथ नए स्लीपर भी लगाए गए। रेलवे सूत्रों के मुताबिक, हादसे के दौरान ट्रेन के पहियों के घिसटने और कोचों के पटरी से उतरने से ट्रैक पर काफी खरोंच आ गई थीं। सुरक्षा के मद्देनजर क्षतिग्रस्त हिस्से की पटरी बदलने का निर्णय लिया गया।

पहले ही क्यों नहीं कराई गई मरम्मत?

हादसे के दौरान पहियों के घिसटने से यदि पटरी पर इतनी गंभीर खरोंच आ गई थीं कि करीब 100 मीटर ट्रैक बदलना पड़ा तो यह काम बुधवार रात या गुरुवार को ही क्यों नहीं कराया गया? हादसे के बाद ट्रैक का निरीक्षण करने वाली टीम ने उसे सही बताया था। इसके बावजूद शुक्रवार को पटरी बदलने की जरूरत क्यों पड़ी, यह सवाल अब रेलवे की जांच के दायरे में है। यदि ट्रैक में कोई तकनीकी खामी थी तो दो दिनों तक उस पर ट्रेनों का संचालन क्यों जारी रखा गया?

30 से अधिक ट्रेनें गुजरने के बाद शुरू हुई मरम्मत

हादसे के बाद मरम्मत शुरू होने तक दो दिनों में 30 से अधिक ट्रेनें इसी ट्रैक से गुजरीं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या ट्रैक को तत्काल बंद कर उसकी विस्तृत तकनीकी जांच और मरम्मत नहीं कराई जानी चाहिए थी? हालांकि, रेलवे की ओर से अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि पटरी बदलने का फैसला केवल हादसे के दौरान हुए नुकसान के कारण लिया गया या जांच में कोई दूसरी तकनीकी खामी भी सामने आई थी।

जांच रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी हादसे की वजह

चौरीचौरा एक्सप्रेस के चार कोच पटरी से उतरने के दो दिन बाद भी हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। गुरुवार को अधिकारियों और तकनीकी सुपरवाइजरों ने ट्रैक का निरीक्षण किया था, लेकिन शुरुआती जांच में कोई ठोस कारण सामने नहीं आया। उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. शिवम शर्मा ने बताया कि हादसे की जांच के लिए मुख्यालय स्तर पर चार सदस्यीय बहुविभागीय समिति गठित की गई है। समिति सभी पहलुओं की जांच कर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों की जानकारी स्पष्ट हो सकेगी।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *