किदवई नगर में साइकिल पार्ट्स के गोदाम में भीषण आग, दो घंटे तक धधकती रहीं लपटें

किदवई नगर में साइकिल पार्ट्स के गोदाम में भीषण आग, दो घंटे तक धधकती रहीं लपटें

दो मंजिला गोदाम में भरा था साइकिल पार्ट्स और प्लास्टिक का सामान, पांच दमकल गाड़ियों ने पाया काबू; धुएं से लोगों को हुई सांस लेने में परेशानी

किदवई नगर के गोदाम में लगी आग को फायरकर्मियों ने कड़ी मेहनत के बाद काबू पाया। - Dainik Bhaskar

कानपुर। किदवई नगर ब्लॉक में पद्मनाभ स्वामी मंदिर के पास बुधवार देर रात दो मंजिला मकान में बने साइकिल पार्ट्स के गोदाम में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। तेज लपटें और धुआं उठता देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने गोदाम मालिक और पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में किदवई नगर और चकेरी फायर स्टेशन से पांच दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया।

गोदाम में टायर, प्लास्टिक और साइकिल के अन्य पार्ट्स रखे होने के कारण आग तेजी से फैल गई। सामान जलने से पूरे इलाके में घना धुआं भर गया। दमकलकर्मियों को आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। फायर फाइटर्स एंटी स्मोक मास्क लगाकर हौज पाइप के साथ गोदाम के अंदर दाखिल हुए। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

घटना की जानकारी पर सीएफओ दीपक शर्मा निरीक्षण करने पहुंचे।

घटना की जानकारी पर सीएफओ दीपक शर्मा निरीक्षण करने पहुंचे।

एक हजार वर्गगज में बना है दो मंजिला गोदाम

काकादेव निवासी राजीव साहनी का किदवई नगर ब्लॉक में साहनी इंडस्ट्रीज के नाम से साइकिल पार्ट्स का गोदाम है। करीब एक हजार वर्गगज में बने इस दो मंजिला गोदाम की दोनों मंजिलों पर साइकिल के पार्ट्स समेत अन्य सामान भरा हुआ था। बुधवार देर रात अचानक गोदाम के पिछले हिस्से से आग की लपटें उठने लगीं। पड़ोसियों की नजर पड़ी तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

घटना की जानकारी पर सीएफओ दीपक शर्मा ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका सामने आई है। पांच दमकल गाड़ियों की मदद से करीब दो घंटे में आग पर काबू पा लिया गया। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

प्लास्टिक जलने से पूरे इलाके में फैला धुआं

गोदाम के आसपास पॉश रिहायशी इलाका है। कुछ दूरी पर दो प्रतिष्ठित स्कूल भी स्थित हैं। बुधवार देर रात गोदाम में रखे टायर और प्लास्टिक का सामान जलने से उठे घने धुएं ने आसपास के इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। धुएं के कारण स्थानीय लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी। आग पर काबू पाने के बाद दमकलकर्मियों ने राहत की सांस ली।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *