कुड़नी हनुमान मंदिर में दर्शन करने आए श्रद्धालुओं की कार तालाब में गिरी, मचा हड़कंप

कुड़नी हनुमान मंदिर में दर्शन करने आए श्रद्धालुओं की कार तालाब में गिरी, मचा हड़कंप

कानपुर। भीतरगांव ब्लॉक के कुड़नी गांव स्थित प्रसिद्ध हनुमान मंदिर में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दर्शन करने आए फतेहपुर के श्रद्धालुओं की कार अचानक तालाब में जा गिरी। गनीमत रही कि हादसे के वक्त कार में कोई सवार नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, फतेहपुर से आए श्रद्धालु अपनी कार मंदिर के पास खड़ी करके दर्शन करने चले गए थे। बताया जा रहा है कि कार में हैंडब्रेक नहीं लगा था। मंदिर के पास ढलान होने के कारण कार धीरे-धीरे पीछे की ओर खिसकने लगी। देखते ही देखते कार अनियंत्रित होकर पास के तालाब में जा गिरी।

दर्शन करने के बाद जब श्रद्धालु वापस लौटे तो कार को तालाब में डूबा देखकर उनके होश उड़ गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से कार को तालाब से बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया गया।

घंटों की मशक्कत के बाद निकाली गई कार

कार तालाब में काफी अंदर तक चली गई थी। ऐसे में उसे बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। घंटों की कोशिश के बाद ग्रामीणों की मदद से कार को तालाब से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची।

हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कार में कोई व्यक्ति बैठा होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल घटना के बाद मंदिर परिसर में कार खड़ी करते समय सावधानी बरतने की जरूरत एक बार फिर सामने आई है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *