पीछे से बाइक की टक्कर से सड़क पर गिरी महिला, मौत

पीछे से बाइक की टक्कर से सड़क पर गिरी महिला, मौत

मायके से पति और बेटी के साथ लौट रही थी कुसुम कली, घुघुआ पुल के पास हुआ हादसा; दो बेटियों और एक बेटे के सिर से उठा मां का साया

कानपुर। घाटमपुर के रेउना थाना क्षेत्र में मुगल रोड पर घुघुआ पुल के पास मंगलवार शाम सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई। महिला अपने पति और तीन साल की बेटी के साथ मायके से ससुराल लौट रही थी। इसी दौरान पीछे से आई दूसरी बाइक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से महिला चलती बाइक से सड़क पर गिर गईं। सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

पीछे से दूसरी बाइक ने मारी टक्कर

काटर गांव निवासी फूल सिंह की ससुराल कानपुर देहात के रूरा में है। मंगलवार को वह अपनी पत्नी कुसुम कली (30) और तीन साल की बेटी के साथ बाइक से मायके रूरा से अपने गांव लौट रहे थे। फूल सिंह ने बताया कि शाम को मुगल रोड पर घुघुआ पुल के पास पहुंचे थे, तभी पीछे से आई दूसरी बाइक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।

सिर में गंभीर चोट, अस्पताल में मृत घोषित

टक्कर लगते ही बाइक पर पीछे बैठीं कुसुम कली सड़क पर गिर गईं। सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी हालत बिगड़ गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से परिजन उन्हें सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

तीन बच्चों के सिर से उठा मां का साया

फूल सिंह ने बताया कि परिवार में दो बेटियां और एक बेटा है। मां की मौत से तीनों बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया। वहीं, तीन साल की बेटी के सामने मां की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

रेउना थाना प्रभारी अनुज राजपूत ने बताया कि घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में महिला चलती बाइक से अचानक गिरती दिखाई दे रही हैं। तहरीर मिलने पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *