शेख हसीना की वापसी के ऐलान के बाद बांग्लादेश में फिर हिंसा, 21 जिलों में आगजनी; बस चालक की मौत

शेख हसीना की वापसी के ऐलान के बाद बांग्लादेश में फिर हिंसा, 21 जिलों में आगजनी; बस चालक की मौत

24 घंटे में 22 वाहनों को लगाई आग, 28 जगह देसी बम धमाके; पुलिस ने अवामी लीग समर्थकों पर जताया शक, पार्टी ने आरोपों को नकारा

बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की स्वदेश वापसी के ऐलान के बाद एक बार फिर हिंसा भड़क उठी है। सोमवार रात से मंगलवार शाम तक देश के कई जिलों में आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं। कई जगह बसों, ट्रकों और ट्रेन के कोच को आग के हवाले कर दिया गया। सरकारी कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों के गेट बंद कर दिए गए। हालात को देखते हुए कई इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

बांग्लादेश पुलिस और ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस (डीएमपी) के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 11 जिलों में 22 वाहनों में आग लगाई गई। वहीं, ढाका समेत सात जिलों में कम से कम 28 स्थानों पर देसी बम धमाकों की घटनाएं हुईं। पुलिस मुख्यालय ने इन घटनाओं के पीछे शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग के समर्थकों का हाथ होने का शक जताया है। पुलिस का कहना है कि हसीना की बांग्लादेश वापसी की घोषणा के बाद हिंसा की घटनाएं शुरू हुईं।

बस में आग लगाई, धुएं से चालक की मौत

हिंसा की सबसे गंभीर घटना फरीदपुर शहर के गोलाचामट इलाके में सामने आई। सोमवार देर रात न्यू बस टर्मिनल पर खड़ी एक बस में बाइक सवार तीन लोगों ने आग लगा दी। पुलिस के मुताबिक, इनमें से एक व्यक्ति ने बस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। घटना के समय बस चालक मोहम्मद कलाचन अंदर सो रहे थे।

आग लगने के बाद चालक किसी तरह बस से बाहर निकल आए, लेकिन धुआं सांस के जरिए अंदर जाने से उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। कलाचन गोपालगंज जिले के मुक्सुदपुर उपजिला के दिगनगर गांव के रहने वाले थे।

कई जिलों में बसों और वाहनों को बनाया निशाना

चट्टोग्राम के पहाड़तली इलाके के सागरिका और कलरघाट में दो यात्री बसों में आग लगा दी गई। बरगुना के बेतागी में नगर निगम के ट्रक और मानिकगंज बस स्टैंड पर खड़ी एक बस को भी आग के हवाले कर दिया गया। नाओगांव में अल बराका परिवहन की दो बसें आग की चपेट में आ गईं।

किशोरगंज के बाजितपुर में कॉलेज की बस जला दी गई। ढाका के नजदीक सावर और धामराई में भी अलग-अलग घटनाओं में वाहनों को निशाना बनाया गया। वहीं, पुलिस ने नाटोर में सामान से लदे एक ट्रक में आग लगने की घटना को दुर्घटनावश बताया।

पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प, 10 घायल

मंगलवार सुबह गोपालगंज के टुंगीपाड़ा में तनाव बढ़ गया। सुबह करीब 9:30 बजे प्रतिबंधित छात्र लीग के कार्यकर्ताओं ने गोहारडांगा चौरंगी चौराहे पर सामान जलाकर सड़क जाम कर दी। बाद में अवामी लीग और उससे जुड़े जबो लीग के कार्यकर्ता भी प्रदर्शन में शामिल हो गए।

प्रदर्शनकारी जब पाटगाती बाजार की ओर जुलूस निकाल रहे थे, तब एक स्थानीय बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) कार्यालय के बाहर लगे बैनर और सजावटी पट्टियां तोड़ दी गईं। पुलिस ने जुलूस रोकने की कोशिश की तो दोनों पक्षों के बीच झड़प शुरू हो गई। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, घटना में कम से कम 10 लोग घायल हुए। टुंगीपाड़ा थाने के प्रभारी अधिकारी अयूब अली ने बताया कि कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।

प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर पुलिस की गाड़ी में तोड़फोड़ करने के बाद उसमें आग लगा दी। काशियानी और गोपालगंज शहर के कई इलाकों में भी सड़क जाम किए जाने की खबरें सामने आईं।

पुलिस बोली- पैसे देकर कराए जा रहे हमले

बांग्लादेश पुलिस ने हालिया आगजनी और बम धमाकों के पीछे अवामी लीग और उससे जुड़े संगठनों के कार्यकर्ताओं का हाथ होने का शक जताया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में कुछ लोगों को पैसे देकर हमले करवाने के संकेत मिले हैं। पुलिस प्रवक्ता अख्तर हुसैन के मुताबिक, जांच में ऐसे संकेत मिले हैं कि कुछ लोगों को हमलों के लिए पैसे दिए गए थे। हालांकि, जांच अभी शुरुआती दौर में है। दूसरी ओर, अवामी लीग ने पुलिस के आरोपों को खारिज किया है। पार्टी के प्रवक्ता मोहम्मद अली आराफात ने दावा किया कि विरोधी गुट पार्टी को बदनाम करने के लिए हमलों की घटनाएं करवा रहे हैं और उनका आरोप अवामी लीग पर लगा रहे हैं।

आरक्षण विरोधी आंदोलन के बाद भारत आई थीं हसीना

  1. बांग्लादेश में जून 2024 में सरकारी नौकरियों में आरक्षण के विरोध में छात्र आंदोलन शुरू हुआ था। हाईकोर्ट ने 1971 के मुक्ति संग्राम में शामिल स्वतंत्रता सेनानियों के बच्चों और पोते-पोतियों को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत आरक्षण देने का फैसला सुनाया था। छात्रों ने इसका विरोध करते हुए योग्यता के आधार पर भर्ती की मांग की थी।
  2. जुलाई 2024 में आंदोलन ने हिंसक रूप ले लिया। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कई जगह झड़पें हुईं। पुलिस पर प्रदर्शनकारियों के खिलाफ गोलीबारी और जरूरत से ज्यादा बल प्रयोग करने के आरोप लगे। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख हसीना के इस्तीफे की मांग शुरू कर दी।
  3. 5 अगस्त 2024 को हजारों प्रदर्शनकारी ढाका में प्रधानमंत्री आवास तक पहुंच गए। इसके बाद शेख हसीना सैन्य विमान से बांग्लादेश छोड़कर भारत आ गईं। तब से वह भारत में रह रही हैं। अब उनकी स्वदेश वापसी के ऐलान के बीच बांग्लादेश में एक बार फिर हिंसा और राजनीतिक तनाव बढ़ गया है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *