कानपुर में दिवाली पर 10 करोड़ के पटाखों की बिक्री, 10 घंटे में इतनी ही आतिशबाजी
आसमानी शॉट्स की रही सबसे ज्यादा मांग, थोक बाजार में 6 से 7 करोड़ और फुटकर बाजार में 3 से 4 करोड़ का कारोबार
कानपुर। दीपावली पर इस बार शहर में आतिशबाजी का जबरदस्त क्रेज देखने को मिला। पटाखा बाजार में हुई खरीदारी ने कारोबार के नए आंकड़े छुए। बाजार के अनुमान के मुताबिक, धनतेरस से दीपावली तक कानपुर में करीब 10 करोड़ रुपये के पटाखों की बिक्री हुई। वहीं, दीपावली की रात लोगों ने महज 10 घंटे के भीतर करीब 10 करोड़ रुपये के पटाखे फोड़ डाले।
पटाखा बाजार के अध्यक्ष मोहम्मद इसरार के मुताबिक, धनतेरस से दीपावली तक 72 घंटे के दौरान शहरवासियों ने जमकर आतिशबाजी की खरीदारी की। इस बार बाजार में सबसे ज्यादा मांग आसमानी शॉट्स की रही। 12 शॉट्स से लेकर 100 शॉट्स तक वाले पटाखे लोगों की पहली पसंद बने रहे। इसके अलावा विभिन्न प्रकार के रंग-बिरंगे और आकर्षक पटाखों की भी खूब बिक्री हुई।
बिठूर के दो मैदानों में लगा थोक बाजार
इस बार पटाखों का थोक बाजार बिठूर के दो मैदानों में लगाया गया था। इसके अलावा शहर के करीब 40 खुले स्थानों पर पटाखों की बिक्री के लिए दुकानें लगाई गई थीं। प्रशासन की ओर से निर्धारित स्थानों पर सुरक्षित तरीके से बिक्री की व्यवस्था की गई थी।
मोहम्मद इसरार ने बताया कि केवल थोक बाजार में ही करीब 6 से 7 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ, जबकि फुटकर बाजार में 3 से 4 करोड़ रुपये के पटाखे बिकने का अनुमान है। इस तरह दीपावली पर पटाखों के कारोबार ने करीब 10 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार किया।
10 घंटे में करोड़ों की आतिशबाजी
दीपावली की रात शहर के अलग-अलग इलाकों में देर रात तक आतिशबाजी का दौर चलता रहा। आसमान में रंग-बिरंगी रोशनी और पटाखों की गूंज से शहर गूंजता रहा। बाजार में हुई खरीदारी के बाद दीपावली की रात करीब 10 घंटे में ही लोगों ने लगभग 10 करोड़ रुपये के पटाखे जला दिए। इससे त्योहार के दौरान पटाखा कारोबार की रौनक का अंदाजा लगाया जा सकता है।


