धनतेरस-दीपावली पर कानपुर में तीन दिन ट्रैफिक डायवर्जन, दोपहर 1 से रात 12 बजे तक बदले रहेंगे रूट
बिरहाना रोड, नयागंज, दवा मार्केट, बड़ा चौराहा, पी रोड और गोविंद नगर में वाहनों की एंट्री पर रहेगी रोक; बाजार जाने से पहले देख लें वैकल्पिक रास्ते
कानपुर। धनतेरस और दीपावली की खरीदारी को देखते हुए यातायात पुलिस ने तीन दिनों के लिए ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया है। 6, 7 और 8 नवंबर को दोपहर एक बजे से रात 12 बजे तक शहर के प्रमुख बाजारों और चौराहों के आसपास यातायात व्यवस्था बदली रहेगी। बिरहाना रोड सराफा बाजार, नयागंज, दवा मार्केट, बड़ा चौराहा, मूलगंज, पी रोड और गोविंद नगर मार्केट जाने वाले लोगों को वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करना होगा। बाजारों में भीड़ बढ़ने पर कुछ रास्तों पर वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद भी की जा सकती है।
बिरहाना रोड और सराफा बाजार जाने वालों के लिए व्यवस्था
- फूलबाग चौराहे से बिरहाना रोड की तरफ केवल उन्हीं वाहनों को जाने दिया जाएगा, जिन्हें सराफा बाजार की दुकानों तक पहुंचना है।
- ऐसे वाहन सवारी उतारने के बाद बिरहाना रोड, निरंजन ज्वैलर्स चौराहा या सिरकी मोहाल चौकी चौराहे से एक्सप्रेस रोड होते हुए नरौना चौराहा पहुंचेंगे।
- इसके बाद फूलबाग या पंचक्की पार्किंग में वाहन खड़े करने होंगे।
- बिरहाना रोड पर पार्किंग की अनुमति नहीं होगी।
- बाजार में भीड़ बढ़ने पर फूलबाग से बिरहाना रोड की तरफ सभी वाहनों की एंट्री बंद कर दी जाएगी। लोगों को पार्किंग में वाहन खड़ा कर पैदल बाजार जाना होगा।
नयागंज और दवा मार्केट जाने वालों का बदलेगा रास्ता
घंटाघर चौराहे से नयागंज और दवा मार्केट होते हुए बिरहाना रोड जाने वाले वाहनों को डायवर्ट किया गया है। ऐसे वाहन एक्सप्रेस रोड और नरौना चौराहे होते हुए फूलबाग पहुंच सकेंगे। कोतवाली चौराहे से मूलगंज की तरफ वाहनों की एंट्री बंद रहेगी। यहां आने वाले लोगों को क्रिस्टल पार्किंग में वाहन खड़ा कर पैदल बाजार जाना होगा। जेड स्क्वायर मॉल और बड़ा चौराहा पर जाम की स्थिति बनने पर मेघदूत तिराहे से दोपहिया वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों की एंट्री बंद कर दी जाएगी। ऐसे वाहन वीआईपी रोड से अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।
पी रोड और गोविंद नगर में भी डायवर्जन
रामबाग चौराहे से पी रोड पर वाहनों की एंट्री बंद रहेगी। वाहन ब्रह्मनगर चौराहे से होकर निकलेंगे। जरीब चौकी चौराहे से सीसामऊ की तरफ से पी रोड जाने वाले वाहनों को टेनरी चौराहे से डायवर्ट किया जाएगा।
कल्याणपुर क्रॉसिंग से पनकी की तरफ जाने वाले वाहन गोवा गार्डन से बाएं मुड़कर निकलेंगे। सीएनजी पेट्रोल पंप से कल्याणपुर क्रॉसिंग की तरफ जाने वाले वाहनों को बगिया क्रॉसिंग की ओर डायवर्ट किया जाएगा। पनकी नहर से बड़े वाहन कल्याणपुर क्रॉसिंग की तरफ नहीं जा सकेंगे।
गोविंद नगर मार्केट में चारपहिया वाहनों की नो एंट्री
गोविंद नगर मार्केट में भी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। चावला चौराहे से चारपहिया वाहन, मलिक पेट्रोल पंप, सीटीआई तिराहे और भोला डेयरी से किसी भी वाहन को गोविंद नगर मार्केट की तरफ जाने की अनुमति नहीं होगी। यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बाजारों में खरीदारी के लिए निकलने से पहले डायवर्जन प्लान देखकर ही घर से निकलें। निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करें और अनावश्यक रूप से बाजारों के अंदर वाहन न ले जाएं।


