वंदे भारत स्लीपर की बुकिंग शुरू होते ही फुल हुईं सीटें, कानपुर से दिल्ली का सफर 5 घंटे 25 मिनट में

वंदे भारत स्लीपर की बुकिंग शुरू होते ही फुल हुईं सीटें, कानपुर से दिल्ली का सफर 5 घंटे 25 मिनट में

कानपुर। वाराणसी से नई दिल्ली के बीच शुरू होने जा रही वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस को यात्रियों का अच्छा रिस्पांस मिल रहा है। ट्रेन का उद्घाटन शनिवार को हो चुका है और सोमवार से इसका नियमित संचालन शुरू होगा। टिकटों की बुकिंग शुरू होते ही यात्रियों ने सीटें आरक्षित करानी शुरू कर दीं। कानपुर सेंट्रल से वाराणसी के बीच पहले दिन की सभी सीटें बुक हो चुकी हैं। वहीं, पांच नवंबर को इस रूट पर वेटिंग टिकट भी उपलब्ध नहीं हैं और रिग्रेट की स्थिति बन गई है।

वाराणसी से नई दिल्ली जाने वाली ट्रेन में दो, तीन, चार और पांच नवंबर को फर्स्ट एसी की सभी सीटें पहले ही फुल हो चुकी हैं। ट्रेन के शुरू होने से कानपुर के यात्रियों को दिल्ली और वाराणसी के बीच सफर का एक और विकल्प मिलेगा।

5 घंटे 25 मिनट में पहुंचेंगे दिल्ली

ट्रेन संख्या 27421/27422 वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस प्रयागराज और कानपुर सेंट्रल होते हुए दिल्ली पहुंचेगी। खास बात यह है कि इसका किराया राजधानी एक्सप्रेस के मुकाबले कम निर्धारित किया गया है। कानपुर सेंट्रल से नई दिल्ली पहुंचने में ट्रेन को करीब पांच घंटे 25 मिनट लगेंगे। इससे यात्रियों का समय बचेगा और रात में सफर करने वालों को सुविधा मिलेगी।

जानें कानपुर से दिल्ली तक का किराया

रेलवे की ओर से निर्धारित किराये के अनुसार कानपुर से नई दिल्ली तक थर्ड एसी का किराया 1110 रुपये, सेकंड एसी का 1430 रुपये और फर्स्ट एसी का 1755 रुपये रखा गया है।

इसी तरह कानपुर से वाराणसी तक थर्ड एसी का किराया 1110 रुपये, सेकंड एसी का 1305 रुपये और फर्स्ट एसी का 1600 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं, वाराणसी से नई दिल्ली तक थर्ड एसी का किराया 1915 रुपये, सेकंड एसी का 2470 रुपये और फर्स्ट एसी का 3030 रुपये है।

सप्ताह में छह दिन होगा संचालन

वाराणसी से नई दिल्ली के बीच वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस सप्ताह में छह दिन चलेगी। शुक्रवार को वाराणसी से ट्रेन का संचालन नहीं होगा। इसी तरह नई दिल्ली से वाराणसी के लिए शनिवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन ट्रेन चलेगी। ट्रेन में कुल 16 कोच होंगे। इनमें फर्स्ट एसी का एक, सेकंड एसी के चार और थर्ड एसी के 11 कोच शामिल हैं।

वाराणसी से दिल्ली जाने का समय

ट्रेन संख्या 27421 वाराणसी से रात 8:50 बजे रवाना होगी। प्रयागराज में रात 10:35 बजे पहुंचेगी और पांच मिनट के ठहराव के बाद 10:40 बजे रवाना होगी। कानपुर सेंट्रल पर रात 12:40 बजे पहुंचेगी और पांच मिनट रुकने के बाद 12:45 बजे दिल्ली के लिए रवाना होगी। इसके बाद अलीगढ़ में सुबह 3:55 बजे और गाजियाबाद में सुबह 5:25 बजे पहुंचेगी। ट्रेन नई दिल्ली सुबह 6:10 बजे पहुंचेगी।

दिल्ली से वाराणसी लौटने का समय

ट्रेन संख्या 27422 नई दिल्ली से रात 9:40 बजे रवाना होगी। गाजियाबाद में रात 10:13 बजे पहुंचेगी और दो मिनट के ठहराव के बाद 10:15 बजे रवाना होगी। अलीगढ़ में रात 11:20 बजे पहुंचकर 11:23 बजे आगे के लिए रवाना होगी। कानपुर सेंट्रल पर रात 2:45 बजे पहुंचेगी और पांच मिनट के ठहराव के बाद 2:50 बजे रवाना होगी।

इसके बाद प्रयागराज में सुबह 5:05 बजे पहुंचेगी और पांच मिनट बाद 5:10 बजे रवाना होकर वाराणसी सुबह 7:10 बजे पहुंचेगी।

नई वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस के संचालन से कानपुर के यात्रियों को रात में दिल्ली और वाराणसी के बीच आवागमन की बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है। खासकर नौकरीपेशा लोगों और लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को इसका लाभ मिलेगा।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *