यूपी में 9.50 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी, एक लाख और भर्तियां जल्द; योगी बोले- कुछ नियुक्ति पत्र तीसरी बार सरकार बनने पर देंगे
दरोगा भर्ती के 4,543 चयनित युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र, बोले- नौकरी के लिए न रिश्वत देनी पड़ी और न सिफारिश लगानी पड़ी
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि भाजपा सरकार में अब तक प्रदेश के 9.50 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। एक लाख और नौकरियां देने का वादा भी जल्द पूरा होने वाला है। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि इस बार कुछ नियुक्ति पत्र रोककर रखेंगे और तीसरी बार सरकार बनने पर बांटेंगे।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश पुलिस में दरोगा पद पर चयनित 4,543 युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने नवनियुक्त दरोगाओं से पूछा कि क्या किसी को नौकरी पाने के लिए रिश्वत देनी पड़ी या किसी की सिफारिश लगवानी पड़ी? उन्होंने कहा कि अब उत्तर प्रदेश में लेन-देन या धौंस के दम पर नौकरी मिलना संभव नहीं है। युवाओं को उनकी योग्यता और मेहनत के आधार पर नियुक्तियां मिल रही हैं।
पुरानी भर्तियों में गड़बड़ी पर जताई चिंता
योगी ने पिछली सरकारों के कार्यकाल में हुई भर्तियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्होंने 2003 से 2017 के बीच का दौर भी देखा है। उस समय ऐसी नियुक्तियां हुईं, जिनमें आवेदन किसी और ने किया और नियुक्ति पत्र किसी दूसरे व्यक्ति को दे दिया गया। ऐसी कई भर्तियों से जुड़े मामले अभी भी न्यायालय में विचाराधीन हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें चिंता होती है कि यदि न्यायालय ने गड़बड़ी वाली पुरानी भर्तियों को निरस्त कर दिया तो उन नियुक्तियों का क्या होगा। उन्होंने यह भी कहा कि जिन अधिकारियों और बेईमान लोगों ने युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया, उनकी संपत्ति जब्त करने का आदेश न्यायालय दे तो उन्हें खुशी होगी।
दिवाली के बाद हजारों युवाओं को मिलेगी नौकरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिवाली के ठीक बाद भी प्रदेश में नियुक्ति पत्र वितरण का सिलसिला जारी रहेगा। राजस्व विभाग में 1,200 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। इसके बाद होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया के तहत करीब 4,000 युवाओं को जॉइनिंग लेटर सौंपे जाएंगे। वहीं, 32 हजार सिपाहियों की भर्ती के लिए भी नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।
2017 में भाजपा सरकार न आती तो सपना रह जाती चयन प्रक्रिया
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ वर्षों में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि अगर 2017 में प्रदेश में डबल इंजन की भाजपा सरकार सत्ता में नहीं आती तो पारदर्शी चयन प्रक्रिया शायद सपना बनकर रह जाती। आज प्रदेश में युवाओं को बिना भेदभाव और सिफारिश के सरकारी नौकरी मिल रही है। सरकार का प्रयास है कि भर्ती प्रक्रिया समयबद्ध, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से पूरी हो, ताकि युवाओं को अपनी योग्यता साबित करने का अवसर मिले।


