कानपुर में जमीन के विवाद में ताबड़तोड़ फायरिंग, पिता-पुत्र समेत चार को लगी गोली
बिधनू के दहेली उजागर गांव में तीन बीघा 11 बिस्वा जमीन को लेकर खूनी संघर्ष, असलहों से लैस होकर पहुंचे साथियों के साथ पहुंचे पिता-पुत्र ने की कई राउंड फायरिंग; गांव में दहशत

कानपुर। बिधनू थाना क्षेत्र के दहेली उजागर गांव में बुधवार दोपहर जमीन के विवाद में खूनी संघर्ष हो गया। आरोप है कि असलहों से लैस होकर पहुंचे एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। कई राउंड गोलियां चलने से गांव में दहशत फैल गई। घटना में पिता-पुत्र समेत चार लोग गोली लगने से घायल हो गए। घायलों को पहले बिधनू सीएचसी ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में उन्हें कानपुर रेफर कर दिया गया। सूचना पर एसीपी घाटमपुर कृष्णकांत पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
तीन बीघा 11 बिस्वा जमीन को लेकर चल रहा था विवाद
जानकारी के मुताबिक, दहेली उजागर गांव में 3 बीघा 11 बिस्वा जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि एक पक्ष ने करीब तीन साल पहले इस जमीन को खरीदा था। वहीं, करीब दो महीने पहले गांव के ही मुन्ना सिंह राठौर ने उसी रकबे में जमीन खरीद ली। इसी जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद गहराता चला गया।
मुन्ना सिंह और बेटे पर फायरिंग का आरोप
आरोप है कि बुधवार दोपहर मुन्ना सिंह राठौर अपने बेटे सागर और अन्य लोगों के साथ असलहों से लैस होकर पहुंचे। इसके बाद दूसरे पक्ष पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। फायरिंग में महेश राजपूत, अखिलेश राजपूत और उनके बेटे सीबू उर्फ शिवा समेत चार लोग घायल हो गए। आरोपियों ने कई राउंड हवाई फायरिंग भी की, जिससे गांव में भगदड़ जैसे हालात बन गए।
चारों घायलों को अस्पताल भेजा

घायल अखिलेश घायल महेश घायल साहिल घायल सीबू
गोली लगने से घायल चारों लोगों को पुलिस ने बिधनू सीएचसी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें कानपुर रेफर कर दिया गया। सभी चारों घायलों को उपचार हैलट अस्पताल भेजा गया है
डीसीपी ने किया घटनास्थल का किया निरीक्षण
घटना की जानकारी मिलते ही डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी व एसीपी घाटमपुर कृष्णकांत सर्किल फोर्स के साथ गांव पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर ग्रामीणों से पूछताछ की। घायलों की ओर से मुन्ना सिंह राठौर और उनके बेटे सागर पर गोलीबारी का आरोप लगाया गया है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस तैनात है।


