दिवाली के बाद लॉन्च हो सकती है न्यू कानपुर सिटी योजना, 40 से 42 हजार रुपये वर्गगज होगा प्लॉट का रेट
कानपुर। कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) की महत्वाकांक्षी आवासीय योजना न्यू कानपुर सिटी को लॉन्च करने की तैयारियां तेज हो गई हैं। योजना की लॉन्चिंग मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों कराने की तैयारी है। इसके लिए केडीए के अधिकारी मुख्यमंत्री से समय मांग रहे हैं। दिवाली के बाद योजना की लॉन्चिंग होने की संभावना है। इसमें लोग 40 से 42 हजार रुपये प्रति वर्गगज की अनुमानित दर से प्लॉट खरीद सकेंगे। फिलहाल प्लॉट की कॉस्टिंग प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
1996 में शुरू हुई थी योजना की कवायद
मैनावती मार्ग से सिंहपुर और सिंहपुर से कल्याणपुर के बीच न्यू कानपुर सिटी बसाने की योजना की शुरुआत वर्ष 1996 में हुई थी। यह योजना बेरी अकबरपुर कछार, गंगपुर चकबदा, सिंहपुर कछार, हिंदूपुर और संभरपुर गांवों की जमीन पर विकसित की जा रही है। करीब 450 एकड़ में प्रस्तावित यह योजना जमीन अधिग्रहण और मुआवजे के विवादों के कारण लंबे समय तक अटकी रही।
किसानों के विरोध के चलते मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया। इस दौरान केडीए के कई उपाध्यक्ष बदल गए, लेकिन योजना जमीन पर नहीं उतर सकी। अब करीब 70 प्रतिशत जमीन का अधिग्रहण पूरा होने के बाद यूपी रेरा ने योजना के पहले चरण को मंजूरी दे दी है।
पहले चरण में होंगे 597 आवासीय प्लॉट
न्यू कानपुर सिटी के पहले चरण को 55.59 एकड़ जमीन पर विकसित किया जाएगा। इसमें कुल 597 आवासीय प्लॉट प्रस्तावित हैं। इनमें 162 वर्गमीटर के 269 और 90 वर्गमीटर के 255 प्लॉट शामिल हैं। इसके अलावा एलआईजी श्रेणी में 47.50 वर्गमीटर के 50 और ईडब्ल्यूएस श्रेणी में 36 वर्गमीटर के 23 प्लॉट रखे गए हैं।
लॉन्चिंग से पहले ही प्लॉट के रेट पूछ रहे लोग
योजना की लॉन्चिंग से पहले ही केडीए कार्यालय में प्लॉट को लेकर पूछताछ शुरू हो गई है। बड़ी संख्या में लोग प्लॉट की कीमत, आकार और आवंटन प्रक्रिया की जानकारी लेने पहुंच रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक, योजना में प्लॉट का आवंटन ई-ऑक्शन के जरिए किया जाएगा। मुख्यमंत्री से समय मिलने के बाद लॉन्चिंग की तारीख तय की जाएगी।
पार्क, बाजार और पुलिस थाने की भी होगी सुविधा
न्यू कानपुर सिटी को आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित करने की योजना है। पहले चरण में 12.95 एकड़ जमीन ग्रीन एरिया के लिए निर्धारित की गई है। वहीं, 21.77 एकड़ आवासीय क्षेत्र और 11.57 एकड़ सामुदायिक सुविधाओं के लिए रखी गई है।
दुकानों और डिपार्टमेंटल स्टोर के लिए 0.57 एकड़, जबकि सड़कों के लिए 8.74 एकड़ जमीन निर्धारित है। योजना में जलापूर्ति, सीवरेज सिस्टम और पुलिस थाने जैसी सुविधाओं का भी प्रावधान किया गया है। केडीए यहां करीब 75 करोड़ रुपये से विकास कार्य शुरू करा चुका है।


