चार साल की सेवा पूरी कर लौटने वाले अग्निवीरों को यूपी के हर विभाग में 20% आरक्षण: योगी

चार साल की सेवा पूरी कर लौटने वाले अग्निवीरों को यूपी के हर विभाग में 20% आरक्षण: योगी

गोंडा में मुख्यमंत्री का बड़ा ऐलान, भर्ती परीक्षा से छूट देकर सीधे नियुक्ति पत्र देने की व्यवस्था; सपा पर हमला, बोले- दंगा करने वालों को ऐसा सबक सिखाएंगे कि कई पीढ़ियां याद रखेंगी

गोंडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अग्निवीरों के भविष्य को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि सेना में चार साल की सेवा पूरी करने के बाद उत्तर प्रदेश लौटने वाले अग्निवीरों को प्रदेश सरकार के हर विभाग में 20 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा। उन्हें भर्ती प्रक्रिया में परीक्षा दिए बिना सीधे नियुक्ति पत्र देने की व्यवस्था भी की जाएगी। मुख्यमंत्री ने सोमवार को गोंडा में आयोजित कार्यक्रम में यह घोषणा की।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा उत्तर प्रदेश के लिए श्राप है। जब-जब यह पार्टी सत्ता में आई, प्रदेश में तबाही मची। उसके शासनकाल में दंगे होते थे, कर्फ्यू लगता था और बहन-बेटियों की सुरक्षा खतरे में पड़ जाती थी। विकास की रफ्तार थम जाती थी और युवाओं के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो जाता था।

दुर्गा पूजा का विरोध करने वालों को सुनाई खरी-खरी

योगी ने कहा कि सपा सरकार के समय देवीपाटन क्षेत्र में मां दुर्गा के पंडालों को लेकर विवाद खड़े किए जाते थे। पूजा-पाठ और धार्मिक आयोजनों में भी बाधाएं पहुंचाई जाती थीं। कांवड़ यात्रा निकालने और त्योहार मनाने तक में परेशानी होती थी। उन्होंने कहा कि इस बार नवरात्र में केवल गोंडा जिले में 67 हजार दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की गईं। प्रशासन को निर्देश दिया गया था कि प्रतिमा स्थापित करने वालों को अनावश्यक परेशान न किया जाए। जो भी मूर्ति स्थापित करना चाहता है, उसे अनुमति दी जाए। यदि किसी को इससे परेशानी है तो वह अपने घर में शोक मनाए, दूसरों के धार्मिक आयोजनों में बाधा न डाले।

दंगा करने वालों को सख्त चेतावनी

मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा सरकार में दंगाइयों को उनके आवास पर बुलाकर सम्मानित किया जाता था। इसी वजह से उनके हौसले बढ़ते थे और वे दंगा करने का दुस्साहस करते थे। उन्होंने चेतावनी दी कि भाजपा की डबल इंजन सरकार में किसी ने दंगा करने की कोशिश की तो ऐसा सबक सिखाया जाएगा, जिसे कई पीढ़ियां याद रखेंगी। उन्होंने कहा कि अब उत्तर प्रदेश दंगों और कर्फ्यू से मुक्त है।

 रामभक्तों पर गोलियां नहीं, फूल बरसाए

अयोध्या में राम जन्मभूमि आंदोलन का जिक्र करते हुए योगी ने कहा कि दो नवंबर 1990 को तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की सरकार में रामभक्तों पर गोलियां चलाई गई थीं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने रामभक्तों पर गोलियां नहीं, फूल बरसाए। अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण कराया और शहर को विकास की नई पहचान दी।

 520.83 करोड़ की 69 परियोजनाओं की सौगात

मुख्यमंत्री ने गोंडा में 520.83 करोड़ रुपये की 69 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसके साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति प्रमाणपत्र भी वितरित किए। कार्यक्रम में मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए उन्हें त्रिशूल भेंट किया।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *