बिठूर में नशेबाज ने पुलिसकर्मियों से की हाथापाई, वर्दी के टूटे बटन; भाई और भतीजे ने भी सिपाहियों से की मारपीट
ईश्वरीगंज गांव में नशेबाजी की सूचना पर पहुंची थी पीआरवी टीम, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
कानपुर नगर। बिठूर थाना क्षेत्र के ईश्वरीगंज गांव में रविवार रात नशेबाजी की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम के साथ अभद्रता और मारपीट का मामला सामने आया है। नशे में धुत एक युवक ने पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई करते हुए दीवान की वर्दी खींच दी, जिससे वर्दी के बटन टूट गए। इस दौरान युवक के भाई और भतीजे ने भी पुलिसकर्मियों से मारपीट की। घटना का वीडियो ग्रामीणों ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, रविवार रात पीआरवी को ईश्वरीगंज गांव में एक युवक के नशे में हंगामा करने की सूचना मिली थी। सूचना पर पीआरवी के जवान मौके पर पहुंचे। वहां सूरज निषाद नशे की हालत में गाली-गलौज कर रहा था। बताया जा रहा है कि वह अक्सर शराब के नशे में पड़ोसियों और परिवार के लोगों से विवाद करता रहता है।
पुलिसकर्मियों ने जब सूरज को समझाने और काबू में करने का प्रयास किया तो वह उनसे ही उलझ गया। आरोप है कि सूरज ने दीवान शिवेंद्र सिंह चौहान के साथ हाथापाई शुरू कर दी और उनकी वर्दी खींचने लगा। इस दौरान वर्दी के बटन टूट गए। पुलिसकर्मियों ने उसे काबू करने का प्रयास किया तो हाथापाई के दौरान वह जमीन पर गिर पड़ा।
इसी बीच सूरज का भाई डैनी और भतीजा रोहित भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि दोनों ने भी पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुए इस घटनाक्रम से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद कुछ ही देर में अतिरिक्त पुलिस बल ईश्वरीगंज गांव पहुंचा। पुलिसकर्मियों ने सूरज निषाद को हिरासत में लेकर बिठूर थाने पहुंचाया।
वहीं, ग्रामीणों के मुताबिक सूरज निषाद आए दिन शराब के नशे में लोगों से विवाद करता रहता है। ग्रामीणों का यह भी दावा है कि पूर्व में भी शिकायत पर पहुंची पुलिस टीम के साथ उसने अभद्रता की थी और पथराव तक किया था। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।


