कानपुर में PET-2026 की परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न, 6,514 अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित
21 केंद्रों पर दो पालियों में हुई परीक्षा, डीएम ने किया निरीक्षण; तलाशी के दौरान उतरवाए गए कुंडल, बालियां और कलावा

कानपुर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 शनिवार को जिले में दोनों पालियों में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा के लिए जिले में बनाए गए 21 केंद्रों पर कुल 18,576 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 12,062 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 6,514 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा को नकलविहीन और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्रों की जांच की गई। इसके बाद मेटल डिटेक्टर से तलाशी और आधार प्रमाणीकरण के साथ बायोमीट्रिक सत्यापन कराया गया। कई केंद्रों पर जांच के दौरान छात्राओं के कानों से कुंडल और बालियां उतरवाई गईं। वहीं, हेयर पिन, कलावा, चेन, घड़ी और बेल्ट भी उतरवाकर जांच की गई। कुछ केंद्रों पर अभ्यर्थियों के जूते-मोजे खुलवाकर भी तलाशी ली गई।
मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, स्मार्ट वॉच, स्मार्ट ग्लास समेत अन्य प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को परीक्षा केंद्रों के भीतर ले जाने पर पूरी तरह रोक रही। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था की गई थी।
पहली पाली में 6,129 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की गई। इस पाली में 9,288 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 6,129 परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 3,159 अनुपस्थित रहे। केंद्रों पर सुबह आठ बजे से प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी। सुबह से ही परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की भीड़ जुटने लगी थी।
दूसरी पाली में 5,933 अभ्यर्थी हुए शामिल
दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक हुई। इसमें भी 9,288 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 5,933 ने परीक्षा दी, जबकि 3,355 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दोनों पालियों में परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
डीएम ने केंद्रों का निरीक्षण कर परखीं व्यवस्थाएं
जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने कैलाश नाथ बालिका इंटर कॉलेज और जेएनके इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों के बायोमीट्रिक सत्यापन, सीसीटीवी कंट्रोल रूम और परीक्षा कक्षों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी रखी जाए और प्रत्येक अभ्यर्थी का अनिवार्य रूप से बायोमीट्रिक सत्यापन कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा के संचालन में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


