एक्सप्रेसवे से 30 फीट नीचे गिरी स्कॉर्पियो, मां-बेटे की मौत, तीन गंभीर
मां को इलाज के लिए वाराणसी ले जा रहा था अनमोल, जनवरी में होनी थी शादी; रेलिंग तोड़ कई पलटी खाते हुए नीचे गिरी गाड़ी
गाजीपुर। ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए करीब 30 फीट नीचे जा गिरी। हादसे में मां-बेटे की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। हादसे में जान गंवाने वाले युवक की जनवरी में शादी होनी थी।
हादसा जंगीपुर थाना क्षेत्र के शेखपुर गांव के पास एक्सप्रेसवे के पिलर नंबर 340 पर रात करीब एक बजे हुआ। बलिया निवासी जयराम उपाध्याय का बेटा अनमोल उपाध्याय (28) अपनी मां क्षमा उपाध्याय (55) को इलाज के लिए वाराणसी ले जा रहा था। स्कॉर्पियो में अनमोल के मामा रत्नेश मिश्रा (40), रिश्तेदार मनोज चौबे (42) और चालक रमेश वर्मा (32) भी सवार थे।
रेलिंग तोड़कर कई बार पलटी गाड़ी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, देर रात अचानक तेज आवाज सुनकर ग्रामीण घरों से बाहर निकले। देखा कि स्कॉर्पियो एक्सप्रेसवे की रेलिंग तोड़कर नीचे गिर गई थी। गाड़ी कई बार पलटी खाते हुए नीचे पहुंची और एक पोल से टकराकर रुक गई। हादसे में वाहन का अगला हिस्सा और डिग्गी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। पीछे के दोनों पहिए भी निकल गए। टक्कर के दौरान गाड़ी के एयरबैग खुल गए थे, लेकिन मां-बेटे की जान नहीं बच सकी।
मां की तबीयत खराब होने पर निकले थे वाराणसी
अनमोल के पड़ोसी संतोष के मुताबिक, क्षमा उपाध्याय की काफी समय से तबीयत खराब चल रही थी। उन्हें इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया जा रहा था। बताया गया कि रत्नेश मिश्रा ने करीब एक सप्ताह पहले ही नई स्कॉर्पियो खरीदी थी। अनमोल की जनवरी में शादी होनी थी। हादसे की खबर से परिवार में मातम छा गया।
गेट तोड़कर निकाले गए घायल
हादसे के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से स्कॉर्पियो के गेट तोड़कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बाद में ग्रीनफील्ड टोल प्लाजा के कर्मचारियों ने हाइड्रा मशीन की मदद से क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो को बाहर निकलवाया और जंगीपुर थाने पहुंचाया।
तेज रफ्तार में अनियंत्रित होने की आशंका
शुरुआती जांच में स्कॉर्पियो की रफ्तार 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच होने की आशंका जताई गई है। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
एएसपी डॉ. राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि स्कॉर्पियो में सवार लोग बलिया से वाराणसी जा रहे थे। हादसे में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि घायलों का इलाज वाराणसी में चल रहा है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।


