दीपावली से पहले सड़कों की मरम्मत के निर्देश, स्कूल वाहनों पर भी कसेगा शिकंजा

दीपावली से पहले सड़कों की मरम्मत के निर्देश, स्कूल वाहनों पर भी कसेगा शिकंजा

कानपुर। दीपावली के मद्देनजर कानपुर मंडल में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने की कवायद तेज हो गई है। मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन ने मंडलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि त्योहार से पहले सभी सड़कों को गड्ढामुक्त किया जाए। दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुधार कार्यों में तेजी लाने के साथ यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने की तैयारी की जाए।

मंडलायुक्त ने कहा कि सड़क सुरक्षा के मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाकर सड़क मरम्मत और यातायात व्यवस्था में सुधार के कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करें। मंडल के चिह्नित ब्लैक स्पॉट पर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र यमुना प्रसाद ने पुलिस और परिवहन विभाग को यात्री बसों की नियमित जांच करने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए।

नवंबर के प्रथम सप्ताह में स्कूली वाहनों की जांच के लिए संयुक्त अभियान चलाया जाएगा। इसमें वाहनों की फिटनेस, परमिट, जरूरी दस्तावेज, सुरक्षा उपकरणों और चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस की जांच होगी। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित वाहन संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एंबुलेंस वाहनों की भी जांच की जाएगी।

मंडलायुक्त ने सभी जनपदों में नियमित प्रवर्तन अभियान चलाने के लिए पुलिस और परिवहन विभाग को कार्रवाई का कैलेंडर तैयार करने को कहा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आम लोगों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम समय से उठाए जाएं।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *