कानपुर में 28 अक्टूबर से बदलेगा मौसम, तेज हवाओं के साथ बारिश के आसार

कानपुर में 28 अक्टूबर से बदलेगा मौसम, तेज हवाओं के साथ बारिश के आसार

महीने के आखिरी दिनों में 5 से 6 डिग्री तक गिर सकता है तापमान, सुबह-शाम बढ़ेगी ठंडक; दोपहर में अभी सताएगी धूप

कानपुर। शहर में सुबह और शाम गुलाबी ठंड का असर दिखने लगा है। मौसम में आए बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत मिल रही है। हालांकि, दोपहर में तेज धूप के कारण गर्मी का अहसास हो रहा है। सुबह, शाम और रात के समय हल्की ठंडक महसूस होने लगी है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती तूफान के असर से 28 अक्टूबर से कानपुर में तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। इसके चलते महीने के आखिरी दिनों में तापमान में पांच से छह डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने के आसार हैं।

महीने के अंत में गिरेगा तापमान

मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि मंगलवार को दिन में तेज धूप के कारण गर्मी महसूस होगी, जबकि सुबह और शाम हल्की ठंडक रहेगी। बंगाल की खाड़ी में बन रहा चक्रवाती तूफान 28, 29 और 30 अक्टूबर को कानपुर के मौसम को प्रभावित कर सकता है। तेज हवाओं के साथ बारिश होने से दिन और रात के तापमान में गिरावट आने की संभावना है। महीने के अंतिम दिनों में सुबह और रात के समय ठंडक बढ़ सकती है।

दिन में गर्मी, सुबह-शाम ठंडक

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) की ओर से जारी मौसम रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार को अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.6 डिग्री अधिक था। अधिकतम सापेक्षिक आर्द्रता 94 प्रतिशत दर्ज की गई। सुबह और शाम मौसम ठंडा रहा, जबकि दोपहर में तेज धूप ने गर्मी का अहसास कराया।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *