कानपुर में आज धूप और उमस करेगी परेशान, बादलों की आवाजाही के आसार
वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होने से मौसम में दिख सकता है बदलाव, किसानों को जल्द कटाई-मड़ाई पूरी करने की सलाह
कानपुर। अक्टूबर में मौसम का मिजाज बदलने के बीच मंगलवार को शहर में बादलों की आवाजाही देखने को मिल सकती है। सुबह से तेज धूप निकलने के कारण दिन में तापमान बढ़ने के साथ गर्मी का एहसास होगा। हवा में नमी अधिक रहने से उमस भी लोगों को परेशान कर सकती है। सुबह और दोपहर में धूप की तपिश बेहाल कर सकती है, जबकि शाम के समय मौसम अपेक्षाकृत राहत देने वाला रह सकता है।
सक्रिय हुआ सशक्त वेस्टर्न डिस्टर्बेंस
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि एक सशक्त वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय हुआ है। इसका असर मौसम में बादलों की आवाजाही के रूप में दिखाई दे सकता है। उन्होंने किसानों को सलाह दी है कि फसलों की कटाई और मड़ाई का काम जल्द पूरा कर लें, ताकि मौसम में संभावित बदलाव से नुकसान की आशंका कम की जा सके।
रबी की फसलों पर पड़ सकता है गर्मी का असर
डॉ. पांडेय के मुताबिक, स्ट्रॉन्ग अल नीनो की स्थिति के कारण समुद्र के तापमान में असामान्य बढ़ोतरी देखी जा रही है। इसका असर आने वाले समय में रबी की फसलों पर हीट स्ट्रेस के रूप में पड़ सकता है। दिन के समय गर्मी बने रहने से फसलों की बढ़वार और उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है।
तापमान में गिरावट, नमी 90 फीसदी
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 0.6 डिग्री कम था। अधिकतम सापेक्षिक आर्द्रता 90 प्रतिशत रही। सोमवार सुबह से आसमान साफ रहा और दिन में तेज धूप निकली। हवा में नमी अधिक होने के कारण लोगों को पसीने और उमस का सामना करना पड़ा। हालांकि, शाम होते-होते मौसम सुहावना हो गया। मंगलवार को भी धूप, उमस और बादलों की आवाजाही के बीच मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।


