हुक्का नहीं मिलने पर रेस्तरां में बवाल, दरोगा और एसीपी के हमराही पर मारपीट का आरोप

हुक्का नहीं मिलने पर रेस्तरां में बवाल, दरोगा और एसीपी के हमराही पर मारपीट का आरोप

कर्मचारियों के कपड़े फाड़ने और युवतियों से छींटाकशी का भी आरोप, डीसीपी सेंट्रल ने एसीपी स्वरूप नगर को सौंपी जांच

कानपुर। स्वरूप नगर स्थित एक रेस्तरां में शनिवार देर रात हुक्का उपलब्ध न कराने पर विवाद हो गया। आरोप है कि नशे में धुत एक दरोगा, एसीपी घाटमपुर के हमराही और उनके साथ मौजूद दो अन्य युवकों ने रेस्तरां कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। कर्मचारियों के कपड़े फाड़ने और मोबाइल लेने पहुंची युवतियों पर छींटाकशी करने का आरोप भी लगा है। डीसीपी सेंट्रल कार्यालय से कुछ दूरी पर हुए हंगामे का लोगों ने वीडियो बना लिया। मामले की जांच एसीपी स्वरूप नगर ज्योति श्री को सौंपी गई है।

हुक्का देने से मना करने पर शुरू हुआ विवाद

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शनिवार देर रात करीब ढाई बजे चार युवक कार से स्वरूप नगर स्थित टर्नऑन रेस्तरां पहुंचे। उन्होंने कर्मचारियों से हुक्का मांगा। रेस्तरां में हुक्का उपलब्ध कराने से मना करने पर युवक नाराज हो गए और गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि कर्मचारियों ने विरोध किया तो युवकों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान कर्मचारियों के कपड़े तक फाड़ दिए गए। देखते ही देखते विवाद रेस्तरां से निकलकर सड़क तक पहुंच गया। हंगामा होता देख आसपास मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद रात करीब ढाई बजे शुरू हुआ और लगभग तीन बजे तक चलता रहा।

मोबाइल लेने पहुंची युवतियों से छींटाकशी का आरोप

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ युवतियां अपना मोबाइल लेने के लिए रेस्तरां पहुंची थीं। आरोप है कि हंगामा कर रहे युवकों ने उनके साथ भी अभद्रता और छींटाकशी की। इससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

दरोगा और एसीपी के हमराही का नाम आया सामने

आरोप है कि हंगामा करने वालों में एक दरोगा सेंट्रल जोन के एक थाने में तैनात है, जबकि दूसरा युवक एसीपी घाटमपुर कृष्णकांत का हमराही बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, हमराही साढ़ थाना क्षेत्र का निवासी है। घटना के समय दोनों सादी वर्दी में थे और उनके साथ दो अन्य युवक भी मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हंगामे के दौरान एसीपी का हमराही फोन कर स्वरूप नगर चौकी प्रभारी और थाना पुलिस को मौके पर बुलाने लगा। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही चारों युवक वहां से चले गए।

जांच के बाद होगी कार्रवाई

डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। इसकी जांच एसीपी स्वरूप नगर ज्योति श्री को सौंपी गई है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *