कानपुर में रात में सड़कों पर उतरे DM, नगर आयुक्त और CDO, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता जांचने के निर्देश
गोविंद नगर में कूड़े के ढेर और फल मंडी के पास सड़क निर्माण का किया निरीक्षण, त्योहारों से पहले काम पूरा करने के निर्देश

कानपुर। जनपद में स्वच्छता व्यवस्था और सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय और मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन ने रात्रिकालीन भ्रमण कर विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने कूड़ा निस्तारण, रात्रिकालीन सफाई और सड़क निर्माण कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों को सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए।
गोविंद नगर में कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था पर उठाए कदम
निरीक्षण के दौरान गोविंद नगर स्थित पुराने पुल के पास कच्ची बस्ती में बने गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट (GVP) का जायजा लिया गया। अधिकारियों को बताया गया कि मालिन बस्ती से प्रतिदिन टाटा ऐस वाहनों के माध्यम से लगभग दो मीट्रिक टन कूड़ा यहां लाया जाता है।
जिलाधिकारी ने कूड़े के निस्तारण और स्थल की नियमित सफाई की निगरानी के लिए एक कर्मचारी तैनात करने के निर्देश दिए। मौके पर रखी पुरानी हैंडकार्ट को तत्काल हटाने तथा दोबारा कूड़ा एकत्र न होने देने के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाने को कहा गया। साथ ही कच्ची बस्ती की ओर से कूड़ा दिखाई न दे, इसके लिए आवश्यकतानुसार व्यू कटर लगाने के निर्देश भी दिए गए।
फल मंडी के पास सड़क निर्माण का निरीक्षण
इसके बाद अधिकारियों ने गोविंद नगर में नटराज सिनेमा के आगे फल मंडी के पास चल रहे सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। संबंधित अधिशासी अभियंता ने बताया कि यह अत्यंत व्यस्त बाजार क्षेत्र है, जहां देर रात तक लोगों और वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। इसी वजह से आवागमन कम होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाता है।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बाजार क्षेत्र में रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि नाइट स्वीपिंग नियमित रूप से कराई जाए, ताकि बाजार और प्रमुख मार्गों पर बेहतर सफाई बनी रहे।
सड़क निर्माण सामग्री की HBTU से होगी गुणवत्ता जांच
अधिशासी अभियंता के अनुसार, संबंधित मार्ग लगभग तीन किलोमीटर लंबा है। इसमें पहले 1.5 किलोमीटर हिस्से में 10-10 मीटर के चार पैच और अगले 1.5 किलोमीटर हिस्से में 10-10 मीटर के तीन पैच बनाए जाने प्रस्तावित हैं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री के नमूने अनिवार्य रूप से एकत्र किए जाएं और उनकी गुणवत्ता की जांच हरकोर्ट बटलर प्राविधिक विश्वविद्यालय (HBTU), कानपुर से कराई जाए। निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों और तकनीकी विशिष्टताओं का कड़ाई से पालन करने पर जोर दिया गया।
अधिशासी अभियंता ने बताया कि कोर कटर तकनीक के माध्यम से थर्ड पार्टी निरीक्षण भी कराया जाएगा, ताकि निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।
अक्टूबर के अंत तक निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य
आगामी त्योहारों को देखते हुए अधिकारियों ने सभी संबंधित निर्माण और मरम्मत कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। अधिशासी अभियंता ने आश्वस्त किया कि अक्टूबर माह के अंत तक संबंधित जोन में चिह्नित सभी मार्गों के निर्माण और मरम्मत कार्य पूरे कर लिए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि रात्रिकालीन सफाई और कूड़ा उठान की नियमित निगरानी की जाए। प्रमुख बाजारों और व्यस्त मार्गों पर विशेष ध्यान देते हुए सफाई व्यवस्था को मजबूत रखा जाए, ताकि त्योहारों के दौरान शहरवासियों को स्वच्छ, सुगम और व्यवस्थित वातावरण मिल सके।

