पीडीए के मंच से जिपं सदस्य को उतारने पर सपा में विवाद
कानपुर। सपा के पीडीए अभियान के मंच से सामाजिक न्याय का संदेश देने की कोशिश के बीच कानपुर ग्रामीण में मंच पर हुए एक घटनाक्रम ने पार्टी की अंदरूनी खींचतान को सामने ला दिया है। कठारा से जिला पंचायत सदस्य सोनी पासवान को पीडीए सम्मेलन के दौरान मंच से नीचे उतरने के लिए कहे जाने का मामला सियासी विवाद बन गया है।
सोनी पासवान के पति सोनू पासवान का आरोप है कि वह पत्नी और समर्थकों के साथ एटा सांसद देवेश शाक्य का स्वागत करने मंच पर पहुंचे थे। इसी दौरान कार्यवाहक जिलाध्यक्ष मुनीन्द्र शुक्ल ने उन्हें मंच से नीचे उतरने के लिए कह दिया। इससे आहत होकर वे कार्यक्रम छोड़कर चले गए। सोनू पासवान का कहना है कि 24 सितंबर को सेनिया गांव में आयोजित पीडीए चौपाल में भी उन्हें प्रदेश सचिव समरथ पाल के पास बैठने पर वहां से उठा दिया गया था। उनका आरोप है कि उनकी पत्नी और मुनीन्द्र शुक्ल दोनों ही क्षेत्र से टिकट के दावेदार हैं। इसी राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता और जातीय आधार पर उन्हें अपमानित किया जा रहा है। वहीं, मुनीन्द्र शुक्ल ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कार्यक्रम का मंच छोटा था। इसलिए कुछ लोगों से नीचे उतरने का अनुरोध किया गया था। उन्होंने जातीय भेदभाव और राजनीतिक रंजिश के आरोपों को गलत बताया।

