कल्याणपुर में बैंक ऑफ बड़ौदा ने चलाया वित्तीय एवं डिजिटल जागरूकता अभियान
‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत नागरिकों को बैंकिंग योजनाओं और साइबर फ्रॉड से बचाव की दी जानकारी
कानपुर। बैंक ऑफ बड़ौदा, कानपुर मेट्रो क्षेत्र की ओर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र में मेगा वित्तीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन एवं बैंक ग्राहकों को वित्तीय समावेशन, बैंकिंग योजनाओं और सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि खंड विकास अधिकारी श्री संदीप कुमार एवं सहायक विकास अधिकारी श्री पंकज सहाय उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संयोजन बैंक ऑफ बड़ौदा के वित्तीय समावेशन विभाग, कानपुर मेट्रो क्षेत्र के वित्तीय समावेशन प्रबंधक श्री राहुल कुरील ने किया। इस अवसर पर एलडीएम श्री आदित्य चंद्रा सहित सीएफएल चौबेपुर की टीम तथा बैंक के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
वित्तीय योजनाओं की दी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान नागरिकों और बैंक ग्राहकों को बैंक की विभिन्न वित्तीय समावेशन योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इनमें प्रधानमंत्री जन-धन योजना (PMJDY), प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY) और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY) प्रमुख रहीं।
अधिकारियों ने लोगों को बचत की आदत विकसित करने, डिजिटल बैंकिंग सुविधाओं का सुरक्षित एवं उचित उपयोग करने तथा सरकार और बैंक द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उपस्थित लोगों की बैंकिंग संबंधी जिज्ञासाओं और समस्याओं का समाधान भी किया गया।
साइबर फ्रॉड से बचाव के लिए किया जागरूक
कार्यक्रम में डिजिटल सुरक्षा और साइबर धोखाधड़ी से बचाव पर विशेष जोर दिया गया। बैंक अधिकारियों ने लोगों को आगाह किया कि वे OTP, ATM PIN, CVV, पासवर्ड, UPI PIN या बैंक खाते से जुड़ी कोई भी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। इसके अलावा संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने, फर्जी फोन कॉल, SMS और सोशल मीडिया संदेशों से सावधान रहने तथा किसी भी संदिग्ध बैंकिंग गतिविधि की जानकारी तत्काल बैंक को देने की अपील की गई।
अधिकारियों ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि ग्राहकों के प्रति बैंक की जिम्मेदार, संवेदनशील और सेवा-समर्पित कार्यप्रणाली का संकल्प है। डिजिटल युग में बैंकिंग सुविधाओं के साथ डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूकता भी बेहद आवश्यक है। बैंक का प्रयास है कि प्रत्येक ग्राहक बैंकिंग सेवाओं का लाभ सुरक्षित, सहज और सुविधाजनक तरीके से उठा सके। मुख्य अतिथि खंड विकास अधिकारी श्री संदीप कुमार ने बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा आयोजित जागरूकता कार्यक्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में वित्तीय एवं डिजिटल जागरूकता बेहद आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से बैंकिंग सेवाओं का सावधानीपूर्वक उपयोग करने और साइबर अपराधों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।

