गैस सिलेंडर खत्म होने पर ससुरालियों ने पीटा, महिला की मौत

गैस सिलेंडर खत्म होने पर ससुरालियों ने पीटा, महिला की मौत

मां से फोन पर बोली- मुझे यहां से ले जाओ, नहीं तो आत्महत्या कर लूंगी; मायके वालों ने लगाया हत्या के बाद शव लटकाने का आरोप

साढ़। साढ़ थाना क्षेत्र के कुमऊपुर गांव में गैस सिलेंडर की गैस खत्म होने की बात को लेकर हुए विवाद के बाद 27 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मायके पक्ष का आरोप है कि सोमवार रात ससुरालियों ने रागनी के साथ मारपीट की थी। इसके बाद उसने मां को फोन कर ससुराल से ले जाने की गुहार लगाई थी। रागनी ने कथित तौर पर कहा था कि उसे वहां से नहीं ले गए तो वह आत्महत्या कर लेगी। परिजनों ने मंगलवार को उसे मायके लाने की बात कही थी, लेकिन सुबह उसकी मौत की खबर पहुंच गई। मायके पक्ष ने हत्या के बाद शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है।

15 दिन पहले ही मायके से ससुराल गई थी

सजेती थाना क्षेत्र के हमरापुर गांव निवासी किसान बल्लीराम ने बताया कि उनकी बेटी रागनी की शादी करीब सात साल पहले कुमऊपुर निवासी अजीत कुमार से हुई थी। दंपती के तीन बच्चे स्नेहा, भूरा और छोटू हैं। परिजनों के मुताबिक, रागनी करीब 15 दिन पहले ही मायके से ससुराल गई थी।

गैस खत्म होने पर हुआ विवाद

मायके पक्ष का आरोप है कि सोमवार रात घर में रसोई गैस का सिलेंडर खत्म हो गया था। इसी बात को लेकर सास समेत अन्य ससुरालियों ने रागनी के साथ मारपीट की। मारपीट के बाद रागनी ने अपनी मां को फोन कर घटना की जानकारी दी और उसे ससुराल से ले जाने के लिए कहा। परिजनों के अनुसार, रागनी ने फोन पर कहा था कि उसे वहां से ले जाओ, नहीं तो वह अपनी जान दे देगी। मां ने उसे समझाया और मंगलवार को ससुराल पहुंचकर अपने साथ ले जाने का भरोसा दिया।

सुबह मिली मौत की खबर

परिजनों को अंदाजा नहीं था कि बेटी से यह उनकी आखिरी बातचीत होगी। मंगलवार सुबह रागनी की मौत की खबर मिलने पर मायके में कोहराम मच गया। परिजन आनन-फानन कुमऊपुर पहुंचे। रागनी के भाई फूलसिंह ने आरोप लगाया कि उसकी बहन की हत्या करने के बाद शव को छत में लगे कुंडे से साड़ी के सहारे लटका दिया गया। उनका कहना है कि रागनी का पति अजीत अहमदाबाद के एक होटल में काम करता है। पति के बाहर रहने पर ससुराल के लोग छोटी-छोटी बातों को लेकर रागनी को प्रताड़ित करते थे। परिजनों का दावा है कि पहले भी कई बार समझाकर विवाद शांत कराया गया था।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *