जहरीला पदार्थ खाने से 71 वर्षीय वृद्ध की मौत

कानपुर। घाटमपुर थाना क्षेत्र की पतारा चौकी अंतर्गत बरनाव गांव में शुक्रवार को एक वृद्ध ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों को इसकी जानकारी हुई। उन्होंने वृद्ध को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान बरनाव गांव निवासी रामस्वरूप (71) के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलने पर पतारा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, वृद्ध ने किन परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खाया, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

