गांधी जयंती पर बिधनू ब्लॉक और सीएचसी में चला स्वच्छता अभियान, अधिकारियों ने झाड़ू लगाकर दिया संदेश

कानपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर चलाए जा रहे ‘सेवा स्वच्छता पखवाड़ा’ के तहत शुक्रवार को विकासखंड बिधनू और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिधनू में स्वच्छता अभियान और जनसेवा कार्यक्रम आयोजित किए गए। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने बापू को नमन कर स्वच्छता का संदेश दिया और लोगों से साफ-सफाई को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।
कार्यक्रम का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख प्रशासक अरुण कुमार ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर किया। इसके बाद उन्होंने स्वयं परिसर में झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि गांधीजी के स्वच्छ और स्वस्थ भारत के सपने को साकार करने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने आसपास सफाई रखने की जिम्मेदारी निभानी होगी। स्वच्छता केवल अभियान तक सीमित न रहकर दैनिक जीवन का हिस्सा बननी चाहिए।
बिधनू ब्लॉक परिसर में खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) आशीष मिश्रा ने भी महात्मा गांधी की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने परिसर में सफाई अभियान चलाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
सीएचसी परिसर में भी चला सफाई अभियान
सीएचसी बिधनू परिसर में आयोजित कार्यक्रम में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नीरज सचान, मंडल अध्यक्ष बिधनू अरवेश सोनकर और जिला पंचायत प्रशासक रविराज वर्मा की मौजूदगी में सफाई अभियान चलाया गया।
सीएचसी और ब्लॉक परिसर के कर्मचारियों ने भी अभियान में हिस्सा लिया। इस दौरान परिसर के विभिन्न हिस्सों की सफाई की गई और स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया गया। अधिकारियों ने कहा कि अस्पताल जैसे सार्वजनिक स्थानों पर साफ-सफाई का विशेष महत्व है, क्योंकि यहां बड़ी संख्या में मरीज और उनके तीमारदार आते हैं।
‘सरकार आपके द्वार’ में 19 विभागों के लगाए गए कैंप
इसके साथ ही बिधनू ब्लॉक में ‘सेवा सेतु अभियान : सरकार आपके द्वार’ के तहत सात दिवसीय विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के तहत शासन के 19 प्रमुख विभागों की ओर से जन-सुविधा कैंप लगाए गए हैं।
इन कैंपों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनकी समस्याओं और शिकायतों का मौके पर समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है। शुक्रवार को संयुक्त आयुक्त हिमांशी ने ब्लॉक परिसर पहुंचकर कैंप का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों पर जाकर व्यवस्थाओं और लोगों की समस्याओं के निस्तारण की स्थिति की जानकारी ली।
कैंप में संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। उन्होंने ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने और प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया पूरी की।

