खड़े DCM में मिला चालक का शव, पुलिस ने कागजात से की पहचान

खड़े DCM में मिला चालक का शव, पुलिस ने कागजात से की पहचान

कानपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र के पुरवामीर स्थित लव द ढाबा के पास मंगलवार शाम खड़े DCM में चालक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। ढाबा संचालक की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। DCM में मिले कागजात के आधार पर पुलिस ने चालक की पहचान कर परिजनों को सूचना दी।

पंजाब के होशियारपुर जिले के अजोवल गांव निवासी जनक राज (46) पुत्र किशन चंद्र DCM लेकर मंगलवार तड़के करीब तीन बजे पुरवामीर स्थित लव द ढाबा पहुंचा था। उसने DCM ढाबे के पास खड़ी की और इसके बाद गाड़ी के अंदर ही सो गया। करीब 16 घंटे तक वह DCM से बाहर नहीं निकला।

ढाबा संचालक शुभम सिंह के मुताबिक, काफी देर तक चालक के बाहर नहीं आने पर उन्हें किसी अनहोनी की आशंका हुई। मंगलवार शाम करीब सात बजे DCM का दरवाजा खुलवाया गया। अंदर चालक अपनी सीट पर मृत पड़ा मिला। यह देखकर वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। ढाबा संचालक ने तत्काल महाराजपुर पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर थाना प्रभारी जनार्दन सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने DCM की जांच की और उसमें रखे कागजात के आधार पर चालक की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी।

थाना प्रभारी जनार्दन सिंह ने बताया कि प्रथमदृष्टया चालक की मौत हार्ट अटैक से होने की आशंका है। हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *