दीपावली से पहले दुरुस्त होंगी कानपुर की सड़कें, 20-25 दिन में काम पूरा करने का लक्ष्य
डीएम, नगर आयुक्त और सीडीओ ने देर रात किया शहर का निरीक्षण, 73 सड़कें पीडब्ल्यूडी और 500 सड़कें नगर निगम ने चिन्हित कीं
कानपुर। दीपावली और दशहरा से पहले शहर की सड़कों और सफाई व्यवस्था को बेहतर करने के लिए प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। मंगलवार देर रात जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय और मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जैन ने प्रशासन, नगर निगम और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ शहर के विभिन्न इलाकों का रात्रिकालीन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान प्रमुख मार्गों, क्षतिग्रस्त सड़कों, सड़क मरम्मत कार्य और सफाई व्यवस्था का जायजा लिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि चिन्हित सड़कों की मरम्मत और सुधार का काम तेजी से पूरा कराया जाए, ताकि त्योहारों से पहले शहरवासियों को बेहतर सड़कें मिल सकें।
लोक निर्माण विभाग ने करीब 73 सड़कों को मरम्मत और सुधार कार्य के लिए चिन्हित किया है। वहीं नगर निगम की ओर से करीब 500 सड़कों पर रिपेयर और आवश्यक लेयरिंग का काम कराया जाना है। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए अगले 20 से 25 दिनों में, दीपावली से पहले, सड़क सुधार कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

तीन दिन में शुरू होगा हॉट मिक्स प्लांट
निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि करीब तीन दिनों में हॉट मिक्स प्लांट का संचालन शुरू होने की संभावना है। इसके बाद चिन्हित सड़कों पर सुदृढ़ीकरण और मरम्मत का काम तेजी से कराया जाएगा।
डीएम ने नगर निगम और लोक निर्माण विभाग को अपने-अपने कार्यक्षेत्र और जिम्मेदारियों को स्पष्ट रखते हुए काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों में गुणवत्ता के साथ समयसीमा का भी विशेष ध्यान रखा जाए। निर्धारित अवधि में काम पूरा नहीं होने पर संबंधित विभाग और अधिकारी की जिम्मेदारी तय कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फजलगंज में खुले में कूड़ा मिलने पर सख्ती
सफाई व्यवस्था की समीक्षा के दौरान टीम ने जोन-5 के फजलगंज स्थित जीवीपी का भी निरीक्षण किया। यहां अनधिकृत रूप से कूड़ा एकत्र किए जाने की स्थिति मिलने पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों और सफाई कर्मियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। अराजकता की स्थिति में तत्काल 112 पर सूचना देकर पुलिस की मदद लेने और उपद्रव करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।
जिलाधिकारी ने जोन में स्थापित 39 जीवीपी को चरणबद्ध तरीके से विस्थापित या मर्ज करने के निर्देश दिए। कूड़े को सीधे ट्रांसफर स्टेशन और पोर्टेबल कॉम्पैक्टर ट्रांसफर स्टेशन तक पहुंचाने की व्यवस्था करने को कहा गया। मुख्य मार्गों पर खुले में कूड़ा मिलने पर संबंधित की जिम्मेदारी तय करने के भी निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि दशहरा और दीपावली से पहले शहर की सफाई व्यवस्था और सड़कों को बेहतर बनाने के लिए रात्रिकालीन निरीक्षण और स्थलीय सत्यापन लगातार जारी रहेगा।

