ट्रैक्टर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे विधायक अभिजीत सिंह सांगा, दो दिन में गिरे मकानों का सर्वे कराने के निर्देश

ट्रैक्टर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे विधायक अभिजीत सिंह सांगा, दो दिन में गिरे मकानों का सर्वे कराने के निर्देश

कानपुर। पांडु नदी का जलस्तर बढ़ने से बिठूर विधानसभा क्षेत्र के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। बाढ़ जैसे हालात के बीच सोमवार को विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर लोगों की समस्याएं सुनीं। विधायक ट्रैक्टर से रेवड़ी का अड्डा, बंगाली कॉलोनी, पनका और भौतीखेड़ा पहुंचे। उन्होंने प्रभावित परिवारों से बातचीत कर जलभराव और राहत व्यवस्था की जानकारी ली।
स्थानीय लोगों ने विधायक को जलभराव के साथ पेयजल समेत अन्य समस्याओं से अवगत कराया। लोगों ने बताया कि कई स्थानों पर पानी भरने के कारण रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में परेशानी हो रही है। इस पर विधायक ने संबंधित अधिकारियों से बात कर प्रभावित लोगों को तत्काल जरूरी मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिन क्षेत्रों में पेयजल की समस्या है, वहां टैंकर भेजने को कहा गया।
गिरे मकानों का दो दिन में सर्वे
बाढ़ के कारण क्षतिग्रस्त और गिरे मकानों को लेकर विधायक ने अधिकारियों को दो दिन के भीतर सर्वे कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों के नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट शासन को भेजी जाए, ताकि पात्र पीड़ित परिवारों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया जल्द शुरू हो सके।
स्थानीय टीमों को भी लगाया
विधायक सांगा ने बताया कि जिन इलाकों में नदी का पानी पहुंचा है, वहां कार्यकर्ताओं की टीमें लगाई गई हैं। ये टीमें प्रभावित लोगों से लगातार संपर्क कर उनकी समस्याओं की जानकारी जुटा रही हैं और जरूरत के अनुसार अधिकारियों तक उनकी मांग पहुंचा रही हैं। उन्होंने अधिकारियों को भी प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक वस्तुओं और अन्य जरूरी सहायता की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *