स्कूल की छत पर गिरा यूकेलिप्टस का पेड़, बड़ा हादसा टला

स्कूल की छत पर गिरा यूकेलिप्टस का पेड़, बड़ा हादसा टला

कानपुर। बिधनू के ऐंती गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में शनिवार को भारी-भरकम यूकेलिप्टस का पेड़ अचानक विद्यालय की छत पर गिर गया। संयोग से शनिवार को अवकाश होने के कारण विद्यालय में बच्चे और शिक्षक मौजूद नहीं थे। इससे बड़ा हादसा होने से बच गया। पेड़ गिरने से विद्यालय भवन की छत को नुकसान पहुंचा है।

ग्रामीणों के अनुसार विद्यालय परिसर में खड़ा पेड़ काफी समय से एक ओर झुका हुआ था। लगातार बारिश और तेज हवा के कारण इसके गिरने का खतरा बना हुआ था। ग्रामीणों का आरोप है कि इसकी जानकारी जिम्मेदार अधिकारियों को दिए जाने के बावजूद समय रहते पेड़ नहीं हटाया गया। शनिवार को बारिश के दौरान पेड़ स्कूल की छत पर जा गिरा।

घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी है। उनका कहना है कि यदि विद्यालय खुला होता और बच्चे परिसर में मौजूद होते तो बड़ा हादसा हो सकता था। ग्रामीणों ने विद्यालय परिसर में खड़े अन्य पेड़ों का भी निरीक्षण कराने की मांग की है। लगातार बारिश के कारण आसपास के कई पेड़ों के कमजोर होने की आशंका जताई जा रही है।

जिम्मेदारों ने एक-दूसरे पर डाली जिम्मेदारी

ग्राम पंचायत सचिव लवकुश वर्मा ने बताया कि विद्यालय परिसर में झुके पेड़ के संबंध में उन्होंने प्रधानाचार्या को पहले ही जानकारी दी थी। वहीं प्रधानाचार्या निर्मला देवी ने बताया कि उन्होंने मामले की जानकारी खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) को लिखित रूप से दी थी।

प्रधानाचार्या के मुताबिक बीईओ कार्यालय से पत्र मिलने के बाद पेड़ों की नीलामी प्रक्रिया पूरी कर उन्हें कटवाने की कार्रवाई की जानी थी। उन्होंने ग्राम प्रशासक से भी पेड़ हटवाने का अनुरोध किया था।

अभिभावकों में चिंता

पेड़ गिरने के बाद विद्यालय भवन की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से विद्यालय भवन और परिसर का तत्काल निरीक्षण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि क्षतिग्रस्त छत की जांच के साथ परिसर में मौजूद खतरनाक पेड़ों को भी चिह्नित कर हटाया जाए, ताकि बच्चों की सुरक्षा से किसी तरह का समझौता न हो।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *