जर्जर टीनशेड के नीचे चल रहा गैर मान्यता प्राप्त स्कूल, बच्चों के भविष्य से खिलवाड़

जर्जर टीनशेड के नीचे चल रहा गैर मान्यता प्राप्त स्कूल, बच्चों के भविष्य से खिलवाड़

कानपुर। बिधनू ब्लॉक के सिद्धपुर गांव मोड़ के पास खेतों के बीच संचालित हो रहे एक गैर मान्यता प्राप्त स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के भविष्य को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि स्कूल में कक्षा आठ तक के बच्चों को शिक्षा दी जा रही है, लेकिन विद्यालय के पास आवश्यक मान्यता और सुविधाओं का अभाव है। जर्जर टीनशेड के नीचे महज पांच कमरों में कक्षाएं संचालित होने से बच्चों की सुरक्षा और शिक्षा व्यवस्था दोनों पर सवाल उठ रहे हैं।

बिना नाम पते के इस विद्यालय का संचालन खेतों के बीच बने परिसर में किया जा रहा है। स्कूल भवन की स्थिति भी संतोषजनक नहीं है। जर्जर टीनशेड के नीचे बच्चों को बैठाकर पढ़ाया जा रहा है। गर्मी, बारिश और खराब मौसम के दौरान विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। सीमित कमरों में अलग-अलग कक्षाओं के बच्चों को पढ़ाए जाने से शैक्षणिक माहौल भी प्रभावित होने की बात कही जा रही है।

सबसे गंभीर सवाल विद्यालय की मान्यता को लेकर है। स्कूल बिना मान्यता के कक्षा आठ तक संचालित हो रहा है तो संबंधित विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठना स्वाभाविक है। अभिभावक अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा की उम्मीद में स्कूल भेज रहे हैं, लेकिन पर्याप्त संसाधन, सुरक्षित भवन और मान्यता के अभाव में उनके बच्चों के भविष्य पर असर पड़ने की आशंका बनी हुई है।

पांच कमरों में आठवीं तक की कक्षाएं

विद्यालय में कक्षा आठ तक के बच्चों की पढ़ाई के लिए महज पांच कमरों का इस्तेमाल किया जा रहा है। ऐसे में अलग-अलग कक्षाओं के संचालन और बच्चों के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध होने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

जांच के बाद सामने आएगी वास्तविक स्थिति

मामले में शिक्षा विभाग की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि विद्यालय को किस स्तर तक मान्यता प्राप्त है और वहां शिक्षा व्यवस्था के लिए निर्धारित मानकों का पालन किया जा रहा है या नहीं। एबीएसए बिधनू सत्यप्रकाश ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है स्कूल बंद कराकर संचालक के खिलाफ कार्यवाही की जायेगी ।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *