करोड़पति दवा कारोबारी विनीत मिनोचा हत्याकांड: बहू शालू समेत तीनों आरोपियों की पुलिस कस्टडी रिमांड मंजूर

करोड़पति दवा कारोबारी विनीत मिनोचा हत्याकांड: बहू शालू समेत तीनों आरोपियों की पुलिस कस्टडी रिमांड मंजूर

कानपुर। करोड़पति दवा कारोबारी विनीत मिनोचा हत्याकांड में आरोपी बहू शालू समेत तीनों आरोपियों की पुलिस कस्टडी रिमांड कोर्ट ने मंजूर कर दी है। पुलिस बुधवार दोपहर 12 बजे तीनों आरोपियों—शालू, विशाल गौतम और राजकिशोर—को जेल से लेकर आएगी। इसके बाद गुरुवार दोपहर 12 बजे तक उनसे पूछताछ की जाएगी।
मंगलवार को पुलिस ने तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया था। पेशी के दौरान शालू मास्क और दुपट्टे से चेहरा ढके रही। वहीं राजकिशोर भी कैमरों से बचने के लिए हाथ से चेहरा छिपाता नजर आया। विशाल गौतम कोर्ट रूम तक पहुंचने के दौरान हत्या से जुड़े सवालों पर सिर हिलाकर जवाब देता रहा।
शालू ने रिमांड का किया था विरोध
शालू ने पुलिस कस्टडी रिमांड की अर्जी के खिलाफ कोर्ट में प्रार्थना पत्र दाखिल कर कलमबंद बयान दर्ज कराने की मांग की थी। 19 सितंबर को दाखिल अर्जी में उसने कहा था कि पुलिस ने रिमांड का आधार उसके कथित बयान को बनाया है, जबकि उसने विवेचक के सामने ऐसा कोई बयान नहीं दिया।
शालू ने कोर्ट से कहा था कि वह बिना किसी दबाव या भय के स्वेच्छा से अपना पक्ष दर्ज कराना चाहती है। उसके मुताबिक 15 सितंबर को पुलिस ने उसकी कस्टडी रिमांड की मांग की थी और इसके लिए उसके कथित बयान को आधार बनाया गया।
चाबी को लेकर पुलिस की जांच
पुलिस की ओर से रिमांड के लिए यह तर्क दिया गया कि शालू के फ्लैट की कुल चार चाबियां थीं, जिनमें से दो चाबियां फ्लैट पर रहती थीं। पुलिस आरोपी विशाल गौतम को डुप्लीकेट चाबी बनवाने के लिए कौन-सी चाबी दी गई थी, इसकी जानकारी के लिए शालू को घर ले जाकर चाबियों की पहचान कराने के साथ ही परेड चौराहे पर उस स्थान की तस्दीक कराना चाहती है, जहां कथित तौर पर शालू ने विशाल को चाबी दी थी।
हालांकि, शालू ने अपने प्रार्थना पत्र में पुलिस के इस दावे से इनकार किया। उसने कहा कि उसने विवेचक को इस संबंध में ऐसा कोई बयान नहीं दिया है।
अब रिमांड के दौरान होगी पूछताछ
कोर्ट से पुलिस कस्टडी रिमांड मिलने के बाद अब जांच टीम तीनों आरोपियों से आमने-सामने पूछताछ करेगी। पुलिस चाबी, फ्लैट और घटनाक्रम से जुड़े बिंदुओं पर आरोपियों के बयानों का मिलान कर सकती है। रिमांड के दौरान पुलिस को आरोपियों से पूछताछ के साथ घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की तस्दीक करने का अवसर मिलेगा।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *