कानपुर में दिनदहाड़े व्यापारी की गला काटकर हत्या, धड़ सड़क पर और 12 फीट दूर मिला सिर
मकनपुर रोड पर सनसनीखेज वारदात, साइकिल और अंगौछा पड़ा मिला; डीसीपी व एसीपी ने मौके पर पहुंचकर जांच की

बिल्हौर। कानपुर के बिल्हौर क्षेत्र में मंगलवार सुबह दिनदहाड़े व्यापारी की सिर काटकर हत्या किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई। बिल्हौर-मकनपुर रोड पर खुर्द खोजनपुर मोड़ के पास सड़क किनारे व्यापारी का सिर कटा धड़ पड़ा मिला, जबकि उसका सिर मौके से गायब था। घटनास्थल के आसपास काफी देर तक तलाश करने के बाद धड़ से करीब 10 से 12 फीट दूर पानी से भरे गड्ढे में कटा हुआ सिर पड़ा मिला। धड़ के पास मृतक की साइकिल और अंगौछा भी पड़ा था। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान 45 वर्षीय राज किशोर पटवा के रूप में हुई। वह मूलरूप से देवहा गांव के रहने वाले थे और वर्तमान में बिल्हौर कस्बे के वैष्णव नगर मोहल्ले में परिवार के साथ रहते थे। परिवार में पत्नी मधु और तीन बेटियां शुभी, अंशी व नैंसी हैं। राज किशोर महिलाओं के श्रृंगार से जुड़ी वस्तुओं का कारोबार करते थे।
सुबह आठ बजे साइकिल से निकले थे

परिजनों के मुताबिक मंगलवार सुबह करीब आठ बजे राज किशोर साइकिल से देवहा गांव जाने की बात कहकर घर से निकले थे। करीब एक घंटे बाद बिल्हौर-मकनपुर रोड पर खुर्द खोजनपुर मोड़ के पास राहगीर ने सड़क किनारे उनका सिर कटा धड़ पड़ा देखा। राहगीर ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव की पहचान कराने का प्रयास किया तो राज किशोर पटवा के रूप में पहचान हुई। इसके बाद उनके परिवार को सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही पत्नी मधु और तीनों बेटियां मौके पर पहुंचीं। पति और पिता का शव देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी और बेटियां बदहवास होकर सड़क पर बैठ गईं और फूट-फूटकर रोने लगीं। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह उन्हें संभाला।
पानी भरे गड्ढे में मिला कटा सिर
शव मिलने के बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में तलाश शुरू की। धड़ के पास साइकिल और अंगौछा पड़ा मिला। सिर नहीं मिलने से पुलिस ने आसपास के इलाके को खंगालना शुरू किया। करीब एक घंटे की तलाश के बाद धड़ से लगभग 10 से 12 फीट की दूरी पर पानी से भरे गड्ढे में कटा हुआ सिर पड़ा मिला।
सिर मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर फोरेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में भी जांच की और घटना से जुड़े संभावित सुराग जुटाने का प्रयास किया।
दिनदहाड़े वारदात से मचा हड़कंप
मंगलवार सुबह सड़क किनारे सिर कटा शव मिलने की सूचना से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। पुलिस ने भीड़ को हटाकर जांच शुरू की। घटना जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर खुर्द खोजनपुर मोड़ के पास हुई।
शव की स्थिति और सिर अलग मिलने के कारण पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास आने-जाने वाले रास्तों की जानकारी जुटाने के साथ ही संभावित साक्ष्यों की भी पड़ताल की जा रही है।
डीसीपी और एसीपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
सनसनीखेज वारदात की सूचना मिलते ही डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी और एसीपी अंकित कुमार भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस टीम से घटना की जानकारी ली। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए।
डीसीपी एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि परिवार के लोगों से पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल का मौका मुआयना किया गया है और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। हत्याकांड का राजफाश करने के लिए पुलिस की टीमों को लगाया गया है। मामले की जांच की जा रही है और सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

