भाजपा नेता की कार पर पथराव, दो सगे भाइयों समेत तीन गिरफ्तार

भाजपा नेता की कार पर पथराव, दो सगे भाइयों समेत तीन गिरफ्तार

कानपुर। कोहना क्षेत्र में गणेश विसर्जन से लौट रहे भाजपा नेता की कार पर पथराव करने के मामले में पुलिस ने दो सगे भाइयों समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, कार का दरवाजा खोलने के दौरान पीछे से आ रही स्कूटी टकराने के बाद दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। आरोप है कि बाद में स्कूटी सवार युवक अपने साथियों के साथ पहुंचा और कार पर ईंट-पत्थर बरसा दिए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज की।

स्वरूप नगर निवासी शैल शुक्ला भाजपा के सह कोषाध्यक्ष हैं। शैल शुक्ला के मुताबिक, रविवार शाम वह अपने बेटे शिखर, अमन, पत्नी और बहू के साथ गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए गंगा बैराज गए थे। लौटते समय रास्ते में कार का दरवाजा खोलने के दौरान पीछे से आ रही स्कूटी उससे टकरा गई।

हादसे में स्कूटी सवार का चार वर्षीय बेटा घायल

स्कूटी ग्वालटोली के गंगाराम रामपुरवा गांव निवासी संदीप निषाद चला रहा था। टक्कर के दौरान उसका चार वर्षीय बेटा प्रियांश सड़क पर गिर गया और उसके सिर में चोट लग गई। हादसे के बाद दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि इस दौरान गाली-गलौज और मारपीट भी हुई। राहगीरों के बीच-बचाव के बाद संदीप वहां से चला गया।

लौटते समय साथियों के साथ पहुंचा युवक

शैल शुक्ला का आरोप है कि गणेश विसर्जन के बाद वापस लौटते समय संदीप अपने भाई गोविंद निषाद, सागर समेत करीब एक दर्जन लोगों के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि सभी ने कार को रोक लिया और ईंट-पत्थरों से पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुए पथराव से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान उनके बेटे की करीब दो तोले की सोने की चेन भी गिर गई।

वायरल वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश

पथराव की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। भाजपा नेता के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने संदीप, उसके भाई गोविंद और सागर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की।

थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज करने के बाद संदीप, गोविंद और सागर को गिरफ्तार कर लिया गया है। वायरल वीडियो के आधार पर घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *