गणेश महोत्सव में अराजकतत्वों ने किया पथराव
चौबेपुर के मालो गांव में पांडाल में मौजूद श्रद्धालुओं के बीच अफरा-तफरी, ग्रामीणों ने वीडियो बनाकर की उपद्रवियों की पहचान
कानपुर। चौबेपुर थाना क्षेत्र के मालो गांव में गणेश महोत्सव के दौरान अराजक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया। समारोह के दौरान अचानक कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी और इसके बाद पथराव कर दिया। अचानक हुए घटनाक्रम से गणेश पांडाल में मौजूद ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के दौरान ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए हंगामा और पथराव कर रहे लोगों का मोबाइल से वीडियो बना लिया। बताया जा रहा है कि वीडियो फुटेज के आधार पर ग्रामीणों ने कई स्थानीय लोगों की पहचान भी कर ली है। घटना की सूचना तत्काल 112 नंबर पर पुलिस को दी गई।
वीडियो फुटेज के आधार पर जांच
सूचना मिलते ही चौबेपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने ग्रामीणों द्वारा उपलब्ध कराए गए वीडियो फुटेज को जांच में शामिल कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार वीडियो के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि गणेश महोत्सव के दौरान माहौल खराब करने या कानून व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है।

