1.25 लाख दीपों से जगमगाया मोतीझील, 500 ड्रोन ने आसमान में उकेरी आकृतियां

1.25 लाख दीपों से जगमगाया मोतीझील, 500 ड्रोन ने आसमान में उकेरी आकृतियां

कानपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर गुरुवार रात मोतीझील में आयोजित दीपोत्सव और ड्रोन शो ने शहरवासियों का ध्यान खींचा। 76 हजार दीप जलाने के लक्ष्य के मुकाबले 1.25 लाख दीप प्रज्वलित किए गए। दीपोत्सव को लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड और गोल्डन बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज किए जाने पर सांसद रमेश अवस्थी को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।

 

इसके बाद 500 ड्रोन ने करीब 20 मिनट तक आसमान में रंग-बिरंगी आकृतियां और संदेश उकेरे। ड्रोन शो में प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष, जनसेवा से देशसेवा और ‘कानपुर के मन में मोदी, मोदी के मन में कानपुर’ जैसे संदेश प्रदर्शित किए गए। इसके अलावा ‘विकसित भारत-2047’, भारत का नक्शा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विशाल छवि भी आसमान में बनाई गई।

हालांकि शो के शुरुआती करीब 10 मिनट में स्ट्रीट लाइटें जलती रहने से ड्रोन से बनाई गई आकृतियां और संदेश स्पष्ट नजर नहीं आए। बाद में लाइटें बंद होने के बाद शो का नजारा साफ दिखाई देने लगा। अंतिम चरण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई दी गई।

कार्यक्रम में भाजपा कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष रामकिशोर साहू, प्रमोद विश्वकर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण, दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह, एमएलसी अरुण पाठक, विधायक सुरेंद्र मैथानी, नीलिमा कटियार और अजय कपूर, हरिओम भदौरिया मौजूद रहे।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *