क्राइस्ट चर्च कॉलेज शिक्षक संघ का वार्षिक समारोह एवं सम्मान समारोह सम्पन्न

कानपुर। सेवा दिवस के अवसर पर क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर के शिक्षक संघ द्वारा वार्षिक समारोह एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य प्रो. विनय जॉन सेबेस्टियन, उप-प्राचार्या प्रो. श्वेता चंद एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा ‘आशीर्वाद दीप प्रज्वलन’ के साथ किया गया।
समारोह में शिक्षक संघ के अध्यक्ष प्रो. सत्य प्रकाश सिंह, उपाध्यक्ष प्रो. ज्योत्सना लाल, सचिव प्रो. मीत कमल, महाविद्यालय के शिक्षकगण, सेवानिवृत्त शिक्षक एवं विशिष्ट अतिथिगण उपस्थित रहे।
समारोह का मुख्य आकर्षण सेवानिवृत्त हो रहे वरिष्ठ शिक्षकों डॉ. आर. के. जुनेजा, डॉ. संजय सक्सेना एवं डॉ. असीम कुमार नथानिएल का अभिनंदन एवं सम्मान रहा। महाविद्यालय के प्रति उनकी दीर्घकालीन एवं समर्पित सेवाओं तथा शैक्षणिक योगदान के लिए उन्हें सम्मानित किया गया। उनके अभिनंदन-पत्र क्रमशः डॉ. आशीष ओमर, डॉ. रमा शंकर एवं प्रो. अनिंदिता भट्टाचार्य द्वारा पढ़े गए।
प्राचार्य प्रो. विनय जॉन सेबेस्टियन ने सभा को संबोधित किया। शिक्षक संघ की सचिव प्रो. मीत कमल ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए सेवानिवृत्त शिक्षकों के योगदान की सराहना की। सम्मानित शिक्षकों ने भी महाविद्यालय से जुड़ी अपनी स्मृतियाँ एवं अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम का संचालन अंग्रेजी विभाग की डॉ. अंकिता पांडेय ने किया। समारोह का समापन प्रो. सबीना रोनिका बोदरा द्वारा प्रस्तुत धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

