टिकवापुर में 25 से 30 करोड़ से बनेगा कंपोजिट विद्यालय
प्री-प्राइमरी से 12वीं तक होगी पढ़ाई, विधायक सरोज कुरील ने अधिकारियों संग किया स्थल निरीक्षण
घाटमपुर। कवि भूषण की जन्मस्थली के रूप में प्रसिद्ध टिकवापुर गांव में शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिलने जा रही है। गांव में करीब 25 से 30 करोड़ रुपये की लागत से कंपोजिट विद्यालय का निर्माण कराया जाएगा। विद्यालय में प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 12वीं तक की पढ़ाई की सुविधा होगी। मंगलवार शाम घाटमपुर विधायक सरोज कुरील ने अधिकारियों के साथ प्रस्तावित विद्यालय स्थल का निरीक्षण कर निर्माण की तैयारियों की जानकारी ली।
विधायक सरोज कुरील ने बताया कि टिकवापुर में कंपोजिट विद्यालय की स्वीकृति मिल चुकी है। निर्माण पर करीब 25 से 30 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। एक ही परिसर में प्री-प्राइमरी से कक्षा 12वीं तक पढ़ाई की सुविधा मिलने से क्षेत्र के बच्चों को उच्च कक्षाओं की शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
उन्होंने बताया कि विद्यालय में विद्यार्थियों की जरूरत के अनुसार आधुनिक शैक्षिक सुविधाएं विकसित करने की योजना है। स्थल निरीक्षण के दौरान अधिकारियों से निर्माण से संबंधित जानकारी ली गई और प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराने की तैयारी है।
ऐतिहासिक और साहित्यिक महत्व का गांव
विधायक ने कहा कि टिकवापुर कवि भूषण की जन्मस्थली होने के कारण ऐतिहासिक और साहित्यिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। ऐसे स्थान पर आधुनिक शैक्षिक संस्थान की स्थापना क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।
उन्होंने कंपोजिट विद्यालय की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और शिक्षा मंत्री का आभार जताते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। विधायक ने उम्मीद जताई कि विद्यालय बनने के बाद आसपास के गांवों के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक सुविधाएं मिल सकेंगी।

