18 साल के बेटे को प्रशासन ने दिलाया जमीन पर कब्जा

18 साल के बेटे को प्रशासन ने दिलाया जमीन पर कब्जा

पिता की मौत के बाद चाचा 18 साल से ढाई बीघा जमीन पर कर रहे थे खेती, एसडीएम की शिकायत पर राजस्व टीम ने कराया कब्जामुक्त

घाटमपुर। पिता की मौत के बाद चाचा के कब्जे में चली गई ढाई बीघा जमीन को वापस पाने के लिए तहसील पहुंचे 18 वर्षीय युवक को प्रशासन ने राहत दिलाई। सजेती थाना क्षेत्र के लौली गांव निवासी अंश तिवारी ने एसडीएम अविचल प्रताप सिंह से शिकायत की। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने राजस्व अभिलेखों में अंश का नाम नाबालिग से बालिग के रूप में दर्ज कराया। इसके बाद तहसीलदार ओमप्रकाश के नेतृत्व में राजस्व टीम और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जमीन को कब्जामुक्त कराया और अंश को कब्जा दिलाया।

पिता की मौत के बाद चाचा कर रहे थे खेती

अंश ने मंगलवार को घाटमपुर तहसील पहुंचकर एसडीएम को दिए शिकायत पत्र में बताया कि उसके पिता स्व. प्रदीप तिवारी की मौत के बाद वह नवेडी गांव निवासी अपने मामा लालजी के यहां रह रहा था। पिता की मौत के बाद उसकी जमीन पर चाचा राम प्रताप तिवारी ने कब्जा कर लिया था। करीब 18 वर्षों से चाचा ही ढाई बीघा जमीन पर खेती कर रहे थे।

बालिग होने के बाद अंश ने अपनी जमीन वापस दिलाने के लिए प्रशासन से गुहार लगाई। शिकायत पर एसडीएम ने राजस्व अभिलेखों में दर्ज स्थिति को दुरुस्त कराते हुए अंश का नाम बालिग के रूप में दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी कराई।

पुलिस के साथ पहुंची राजस्व टीम

अभिलेखीय कार्रवाई पूरी होने के बाद तहसीलदार ओमप्रकाश के नेतृत्व में राजस्व टीम पुलिस के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने कार्रवाई करते हुए ढाई बीघा जमीन को कब्जामुक्त कराया और अंश को जमीन पर कब्जा दिलाया।

जमीन मिली तो छलक पड़े आंसू

कब्जा मिलने के बाद अंश भावुक हो गया और उसकी आंखों से आंसू छलक पड़े। उसने एसडीएम और तहसीलदार का आभार जताते हुए कहा कि प्रशासन की मदद के बिना उसके लिए अपनी जमीन वापस पाना मुश्किल था।

अधिकारियों ने युवक से कहा कि पात्र व्यक्ति को उसका अधिकार दिलाना प्रशासन की जिम्मेदारी है।

एसडीएम बोले- युवक को दिलाया जमीन पर कब्जा

एसडीएम अविचल प्रताप सिंह ने बताया कि युवक की शिकायत पर राजस्व अभिलेखों में उसका नाम बालिग के रूप में दर्ज कराया गया। इसके बाद राजस्व टीम और पुलिस की मौजूदगी में जमीन को कब्जामुक्त कराकर युवक को कब्जा दिलाया गया।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *