बाढ़ के पानी के बीच डीएम ने लिया जायजा, 35 परिवारों पर नजर
बाढ़ के पानी के बीच डीएम ने लिया जायजा, 35 परिवारों पर नजर
भगवानदीन का पुरवा में प्रभावित परिवारों को जरूरत पड़ने पर बाढ़ चौकी भेजने के निर्देश, अफसरों को लगातार निगरानी के आदेश
कानपुर। बाढ़ प्रभावित इलाकों में पानी बढ़ने के बीच प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। गुरुवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बनियापुरवा गांव पहुंचकर प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने जलस्तर की स्थिति देखने के साथ राहत और बचाव की तैयारियों की जानकारी ली। मौके पर मौजूद अधिकारियों को किसी भी आपात स्थिति में प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सामने आया कि भगवानदीन का पुरवा में करीब 35 परिवार बाढ़ से प्रभावित हैं। वहीं बनियापुरवा और भोपालपुरवा के आसपास भी पानी का असर बना हुआ है। डीएम ने अधिकारियों से क्षेत्र में जलस्तर की लगातार जानकारी लेने और लोगों की जरूरतों पर नजर रखने को कहा।
पीछे से पानी का दबाव घटा
जिलाधिकारी ने बताया कि पीछे से आने वाले पानी के डिस्चार्ज और उसके ट्रेंड में कमी आई है। इसका असर शुक्रवार शाम तक दिखाई देने की उम्मीद है, जिससे जलस्तर में गिरावट आ सकती है। हालांकि फिलहाल हालात को देखते हुए प्रशासन को किसी तरह की ढिलाई न बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
तहसीलदार को सौंपी निगरानी की जिम्मेदारी
डीएम ने तहसील सदर के अधिकारियों और कर्मचारियों को मौके पर सक्रिय रहने को कहा। तहसीलदार सदर को निर्देश दिए गए कि जलस्तर में होने वाले बदलाव की लगातार निगरानी की जाए। यदि पानी बढ़ता है या लोगों की सुरक्षा को खतरा दिखाई देता है तो भगवानदीन का पुरवा समेत प्रभावित परिवारों को बिना देरी बाढ़ चौकी में शिफ्ट कराया जाए।
सुरक्षा को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता
डीएम ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी आकस्मिक स्थिति में राहत और बचाव कार्य तत्काल शुरू किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहने और जलस्तर के हर बदलाव पर नजर रखने के निर्देश दिए। साथ ही प्रभावित परिवारों को आवश्यक मदद उपलब्ध कराने के लिए भी कहा।

