किचन में चूहों के बिल और गंदगी देख खाद्य विभाग ने बंद कराया कैफे

किचन में चूहों के बिल और गंदगी देख खाद्य विभाग ने बंद कराया कैफे

किचन में चूहों के बिल और गंदगी देख खाद्य विभाग ने बंद कराया कैफे

मोतीझील के द कैफे पाई में जांच के दौरान बिगड़ी मिली हाइजीन व्यवस्था, सॉस के नमूने जांच को भेजे जाएंगे

कानपुर। मोतीझील स्थित द कैफे पाई के किचन में खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच के दौरान ऐसी अव्यवस्थाएं सामने आईं, जिनके चलते टीम ने प्रतिष्ठान का खाद्य कारोबार बंद करा दिया। किचन में सफाई की स्थिति खराब मिलने के साथ ही कई स्थानों पर चूहों के बिल पाए गए। खाद्य पदार्थ तैयार करने वाले कर्मचारियों के लिए जरूरी हाइजीन व्यवस्था भी मानकों के अनुरूप नहीं मिली।

गुरुवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कारगिल पार्क क्षेत्र स्थित कैफे का निरीक्षण किया। टीम के पहुंचते ही किचन की व्यवस्थाओं की जांच की गई। डीप फ्रीजर के आसपास गंदगी और पुराने खाद्य अवशेष मिले। सब्जियों के छिलके, सॉस और मेयोनीज के अवशेष भी जमा पाए गए। फर्श और दीवारों पर चिकनाई के साथ धूल की परत थी।

जांच के दौरान एग्जॉस्ट फैन की स्थिति भी खराब मिली। उस पर धूल और तेल जमा था। सबसे गंभीर स्थिति किचन परिसर में चूहों की मौजूदगी को लेकर सामने आई। अलग-अलग स्थानों पर चूहों के बिल पाए जाने से खाद्य पदार्थों की स्वच्छता पर सवाल खड़े हो गए।

पेस्ट कंट्रोल का रिकॉर्ड भी नहीं

खाद्य सुरक्षा टीम ने प्रतिष्ठान संचालक से पेस्ट कंट्रोल और नियमित सफाई से जुड़े दस्तावेज मांगे, लेकिन मौके पर संबंधित रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं कराया जा सका। कर्मचारियों के स्वास्थ्य परीक्षण और हाइजीन प्रशिक्षण से संबंधित प्रमाणपत्र भी टीम को नहीं दिखाए गए।

निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थ तैयार करने वाले कर्मचारी बिना ग्लव्स और हेड कवर के काम करते मिले। इससे किचन में तैयार होने वाले खाद्य पदार्थों की स्वच्छता को लेकर भी विभाग ने आपत्ति दर्ज की।

सॉस की गुणवत्ता भी जांचेगा विभाग

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने किचन में इस्तेमाल हो रहे सॉस की गुणवत्ता जांचने के लिए ग्रीन चिली सॉस और एक अन्य सॉस के नमूने लिए। नमूनों को प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा जाएगा। रिपोर्ट में किसी तरह की गड़बड़ी मिलने पर खाद्य सुरक्षा कानून के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मानक पूरे होने तक नहीं खुलेगा कारोबार

निरीक्षण के बाद विभाग ने साफ कर दिया कि केवल औपचारिक सफाई से काम नहीं चलेगा। किचन की पूरी सफाई, पेस्ट कंट्रोल और खाद्य सुरक्षा से जुड़े जरूरी मानकों को पूरा करने के बाद ही कारोबार दोबारा शुरू करने की अनुमति दी जाएगी।

सहायक आयुक्त (खाद्य सुरक्षा) संजय प्रताप सिंह ने बताया कि प्रतिष्ठान में हाइजीन व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। खाद्य कारोबार को साफ-सफाई और आवश्यक मानकों की पूर्ति होने तक बंद कराया गया है। लिए गए नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *